नेहरू, इंदिरा और सोनिया... लोकसभा में अमित शाह ने दिए वोट चोरी के 3 उदाहरण, कांग्रेस को दी चुनौती

लोकसभा में अमित शाह के भाषण के दौरान हंगामा हुआ, जिसमें उन्होंने नेहरू के प्रधानमंत्री बनने को 'पहली वोट चोरी' बताया। इस बयान पर विपक्षी सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके कारण सदन में शोरगुल और विरोध प्रदर्शन हुआ। शाह के इस आरोप ने राजनीतिक बहस को और भी तेज कर दिया है।

Dec 10, 2025 - 18:24
नेहरू, इंदिरा और सोनिया... लोकसभा में अमित शाह ने दिए वोट चोरी के 3 उदाहरण, कांग्रेस  को दी चुनौती

संसद के शीतकालीन सत्र की गरमागरम बहस के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने SIR पर चर्चा के दौरान विपक्ष पर सीधा वार किया। शाह ने कहा कि विपक्ष पिछले कई महीनों से ‘वोट चोरी’ का शोर मचा रहा है, लेकिन अब समय आ गया है कि देश को बताया जाए कि असली वोट चोरी कब और कैसे हुई थी। उनके इस बयान ने सदन का माहौल एकदम बदल दिया।

अमित शाह ने जोर देकर कहा कि वोट चोरी तीन तरीकों से होती है। पहला, जब कोई व्यक्ति योग्य नहीं होते हुए भी मतदाता सूची में शामिल हो जाए। दूसरा, जब चुनाव जीतने के लिए अनैतिक या गलत रास्तों का इस्तेमाल हो। तीसरा, जब किसी को जनता की इच्छा के विपरीत सत्ता की कुर्सी मिल जाए। शाह ने दावा किया कि ये तीनों स्थितियां भारत के राजनीतिक इतिहास में पहले भी सामने आ चुकी हैं।

शाह ने कहा कि देश में पहली बड़ी वोट चोरी तब हुई जब स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के चयन का वक्त आया। उस समय कांग्रेस के विभिन्न प्रांतों के अध्यक्षों को एक-एक वोट का अधिकार था। सरदार पटेल को 28 वोट मिले थे, जबकि जवाहरलाल नेहरू को सिर्फ 2 वोट। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नेहरू बने। शाह ने कहा कि इस फैसले के बाद कांग्रेस के सांसदों तक ने हंगामा किया था।

अमित शाह के अनुसार वोट चोरी का दूसरा बड़ा उदाहरण तब देखने को मिला जब इंदिरा गांधी रायबरेली से चुनाव जीतकर आईं। राजनारायण ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की जिसमें आरोप लगाया गया कि चुनाव नियमों के अनुसार नहीं हुए। हाईकोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि इंदिरा गांधी का चुनाव गलत तरीके से हुआ था और उसे रद्द कर दिया। शाह ने इसे भी ‘महान वोट चोरी’ करार दिया।

उन्होंने आगे कहा कि इस फैसले को बचाने के लिए संसद में ऐसा कानून लाया गया जिसमें प्रधानमंत्री के खिलाफ किसी भी तरह का केस करने पर रोक लगा दी गई। शाह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने खुद को ही कानूनी सुरक्षा देकर इस वोट चोरी को ढकने की कोशिश की थी।

अमित शाह ने तीसरी कथित वोट चोरी पर बात करते हुए कहा कि यह मामला हाल ही में दिल्ली की एक सिविल अदालत में पहुंचा है। आरोप है कि सोनिया गांधी देश की नागरिकता प्राप्त करने से पहले ही मतदाता बन गई थीं। शाह ने कहा कि यह तथ्य अदालत में दर्ज है और अब सोनिया गांधी को इसका जवाब न्यायालय में देना होगा।