IND vs SA: सुपर-8 में भारत क्रिकेट टीम की हार के 5 गुनहगार, एक खिलाड़ी के फ्लॉप शो ने बढ़ाई टेंशन

IND vs SA T20 World Cup 2026 में भारत को सुपर 8 में साउथ अफ्रीका से हार मिली। टीम 188 रनों का लक्ष्य चेज नहीं कर सकी। यह हार डिफेंडिंग चैंपियन के लिए बड़ा झटका बनी।

Feb 23, 2026 - 11:01
IND vs SA: सुपर-8 में भारत क्रिकेट टीम की हार के 5 गुनहगार, एक खिलाड़ी के फ्लॉप शो ने बढ़ाई टेंशन

टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में भारत का आगाज़ किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। अहमदाबाद के विशाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली 76 रनों की करारी हार ने करोड़ों फैन्स को सदमे में डाल दिया। 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रन बनाकर ढह गई, और उम्मीदों का पहाड़ एक झटके में धराशायी हो गया।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत के पांच धुरंधर तो दहाई तक भी नहीं पहुंच पाए, जिससे हालात और बिगड़ गए। शिवम दुबे ने जरूर संघर्ष दिखाते हुए 37 गेंदों पर 42 रन बनाए, लेकिन टीम को गिरती हुई इमारत से बचा नहीं सके। दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका के मार्को यान्सेन ने आग उगलती गेंदों से 4 विकेट उड़ा दिए, जबकि स्पिनर केशव महाराज ने 3 महत्वपूर्ण शिकारी किए। अब जानते हैं, इस शर्मनाक हार के पीछे कौन रहे टीम इंडिया के बड़े विलेन!

अभिषेक शर्मा का फ्लॉप शो एक बार फिर चर्चा में रहा। तीन मैचों में लगातार शून्य पर आउट होने के बाद इस बार उन्होंने खाता तो खोला, लेकिन सिर्फ 12 गेंद में 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पांचवें ओवर में यान्सेन की गेंद पर कॉर्बिन बॉश ने उनका कैच दबोच लिया और भारत की शुरुआत फिर लड़खड़ा गई।

ईशान किशन से फैन्स को विस्फोटक शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वे तो बिना खाता खोले ही लौट गए। महज 4 गेंद खेलने के बाद वह पहले ओवर में ही डक का शिकार बने। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम की गेंद पर रयान रिकेल्टन ने उनका कैच पकड़कर भारत को शुरुआती झटका दे दिया।

वॉशिंगटन सुंदर भी टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। अक्षर पटेल को ड्रॉप कर उन्हें मौका दिया गया था, लेकिन 11 गेंद में सिर्फ 11 रन ही निकाल पाए। गेंदबाजी में भी वे बेरंग रहे—2 ओवर में 17 रन दे दिए और हाथ कोई विकेट नहीं लगा। यह प्रदर्शन काफी निराश करने वाला रहा।

हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी भारत की मुश्किलें बढ़ा गया। गेंदबाजी में उन्होंने 4 ओवर में 45 रन लुटा दिए और कोई विकेट नहीं चटका पाए। बैटिंग में भी हार्दिक की चमक फीकी रही। 17 गेंदों पर सिर्फ 18 रन, वह भी एकमात्र छक्के की मदद से। एक ऑलराउंडर से ऐसी उम्मीद नहीं थी।

सबसे निराशाजनक प्रदर्शन रहा वरुण चक्रवर्ती का, जो टीम के सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 47 रन दे डाले, हालांकि डेविड मिलर का एक विकेट जरूर मिला, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। उनकी लय ने टीम की गेंदबाजी को पूरी तरह कमजोर कर दिया।