भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट

भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संस्था की गतिविधियों, हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम की जानकारी दी गई।

Nov 7, 2026 - 13:30
भारत स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की भेंट

भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को संस्था के उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्था के स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स को बधाई देते हुए कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और उनमें अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। ऐसे प्रयास युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए भी प्रेरित करते हैं।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रादेशिक सचिव श्री रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संस्था की स्थापना, उद्देश्यों और प्रदेश में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड का गठन 7 नवम्बर 1950 को हुआ था। संस्था उत्तराखण्ड में युवाओं को सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के साथ ही उन्हें विभिन्न उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से भी जोड़ रही है।

इस दौरान प्रादेशिक सचिव ने प्रदेश में संचालित हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट और युवा आपदा मित्र कार्यक्रम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपात परिस्थितियों में वे राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त श्रीमती बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव श्री रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य श्री जे.पी. काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त श्रीमती अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी श्री अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त श्री राहुल प्रसाद रतूड़ी तथा गाइड कु. योजना एवं कु. इशा ठाकुर उपस्थित रहीं।