ड्रामेबाज़ी जारी! वर्ल्ड कप वेन्यू बदलने को लेकर बांग्लादेश ने ICC को लिखा दूसरा लेटर
बीसीबी ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आईसीसी को दूसरी चिट्ठी भेजी है और श्रीलंका में वेन्यू बदलने की मांग दोहराई है. मुस्ताफिज़ुर रहमान की आईपीएल से रिलीज़ के बाद यह विवाद और गहरा गया है. इस मुद्दे पर बीसीबी के भीतर भी मतभेद हैं.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार देर शाम आईसीसी को दूसरा आधिकारिक पत्र भेजकर पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी. इस लेटर में बीसीबी ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की भारत यात्रा पर गंभीर और बेहद विशिष्ट सुरक्षा चिंताओं को दोबारा उठाया है. साथ ही बोर्ड ने अपनी पुरानी मांग दोहराते हुए श्रीलंका में वेन्यू बदलने पर फिर जोर दिया है, जिससे इस विवाद ने और तूल पकड़ लिया है.
7 फरवरी से शुरू हो रहे इस मेगा टूर्नामेंट में बांग्लादेश के चार मुकाबले भारत में तय हैं—तीन कोलकाता और एक मुंबई में. लेकिन बीसीसीआई के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्ताफिज़ुर रहमान को अचानक आईपीएल से रिलीज़ किए जाने के बाद बीसीबी का रुख बेहद कड़ा हो गया है. इसी के बाद से भारत यात्रा को लेकर बोर्ड ने साफ-साफ आपत्ति जताई है.
आईसीसी को भेजा गया विस्फोटक दूसरा लेटर
बीसीबी से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल के साथ अहम चर्चा के बाद यह नया पत्र आईसीसी को भेजा गया. सूत्र के मुताबिक, आईसीसी ने सुरक्षा खतरे से जुड़े सटीक मुद्दों की जानकारी मांगी थी, और बीसीबी ने विस्तृत रूप से अपनी चिंताएं दोबारा सामने रख दी हैं.
हालांकि, पत्र में क्या-क्या लिखा गया है, इसका विवरण सूत्र ने साझा करने से इनकार कर दिया. लेकिन यह विकास ऐसे समय आया है जब बीसीबी और आईसीसी के बीच बांग्लादेश की टूर्नामेंट में भागीदारी पर लगातार तनाव बढ़ रहा है. आईसीसी अब तक इस मसले पर चुप्पी साधे हुए है और ढाका बोर्ड द्वारा जताई गई सुरक्षा आशंकाओं की असल वजह जानने की कोशिश कर रहा है.
बीसीबी के भीतर भी गुटबाजी तेज
खबरें हैं कि इस पूरे विवाद ने खुद बीसीबी में दो मजबूत खेमे खड़े कर दिए हैं. एक तरफ वह समूह है जो आसिफ़ नज़रुल के आक्रामक और सख्त रुख का समर्थन कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ वे अधिकारी हैं जो भारत और आईसीसी से बातचीत जारी रखने के पक्ष में हैं और मुद्दे को सुलझाने की कोशिश चाहते हैं.
दूसरे खेमे का कहना है कि अगर टीम भारत जाती है तो उसके पूरे प्रवास के दौरान बुलेटप्रूफ और अभेद्य सुरक्षा इंतजाम होना बेहद जरूरी है. वहीं नज़रुल, जिन्हें भारत की नीतियों पर खुलकर बोलने के लिए जाना जाता है, इस मामले में किसी भी तरह के नरम रवैये के खिलाफ बताए जा रहे हैं. यह रुख पारंपरिक रूप से बीसीबी और बीसीसीआई के बीच मौजूद सौहार्दपूर्ण संबंधों से बिल्कुल अलग दिशा में जाता दिख रहा है.
मुस्ताफिज़ुर की आईपीएल से अचानक छुट्टी ऐसे समय आई जब बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों की कुछ घटनाएं सामने आई थीं. इसके बावजूद आईसीसी की ओर से अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि वह कोलकाता और मुंबई में होने वाले मैचों को कोलंबो स्थानांतरित करने पर विचार कर रहा है.
हालांकि, बीसीबी का दावा है कि आईसीसी उसकी सुरक्षा चिंताओं की जांच और मूल्यांकन में उसके साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है. अब आने वाले दिनों में इस विवाद का क्या रूप लेता है, इस पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं.