अलीगढ़ में रिश्तों का महाभारत! दामाद संग फरार सास 10 महीने बाद जीजा के साथ हुई रफूचक्कर, 2 लाख कैश भी लेकर गायब!

अलीगढ़ में चर्चित ‘सास-दामाद’ वाले केस ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है. बेटी की शादी से पहले होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हुई सास करीब दस महीने तक बिहार में उसके साथ रही, लेकिन अब वह उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ भाग गई. राहुल का दावा है कि वह दो लाख रुपये कैश और जेवर साथ ले गई. शिकायत लेकर अलीगढ़ पहुंचे राहुल को पुलिस ने घटनास्थल बिहार का बताकर लौटा दिया.

Feb 12, 2026 - 11:15
अलीगढ़ में रिश्तों का महाभारत! दामाद संग फरार सास 10 महीने बाद जीजा के साथ हुई रफूचक्कर, 2 लाख कैश भी लेकर गायब!

अलीगढ़ की वही सास, जिसने पिछले साल अपने होने वाले दामाद के साथ फरार होकर पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी, एक बार फिर सुर्खियों में है. करीब दस महीने तक बिहार में राहुल के साथ पति-पत्नी की तरह रहने के बाद अब उसने एक नया कदम उठा लिया है. इस बार वो अपने ही जीजा संग गायब हो गई और जाते-जाते घर से दो लाख रुपये नकद और कीमती जेवर भी समेट ले गई. हक्काबक्का राहुल जब शिकायत लेकर अलीगढ़ पहुंचा, तो पुलिस ने साफ कहा– ये मामला बिहार का है. रिश्तों की ये चौंकाने वाली कहानी अब एक और अनपेक्षित मोड़ पर पहुंच चुकी है.

बेटी की शादी से पहले पलट गया पूरा खेल

पूरी दास्तान की शुरुआत अप्रैल 2025 में होती है, जब 16 अप्रैल को महिला की बेटी की शादी तय थी. घर में तैयारियों की धूम थी—रंगाई-पुताई, रिश्तेदारों की चहल-पहल और शादी का उत्साह. लेकिन शादी से ठीक 12 दिन पहले ऐसा तूफान आया जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी. बेटी के होने वाले दूल्हे राहुल के साथ ही सास घर से फरार हो गई. परिवार ने आरोप लगाया कि वो करीब पांच लाख रुपये के जेवर और साढ़े तीन लाख की नकदी लेकर गई. बेटी ने मीडिया के सामने कहा था—मां घर में दस रुपये तक नहीं छोड़कर गईं.

एक मोबाइल ने बढ़ा दी नजदीकियां

परिवार का कहना था कि महिला ने राहुल को एक स्मार्टफोन दिलाया था, और यहीं से दोनों के बीच बातों का सिलसिला शुरू हुआ. पहले शादी की तैयारियों का बहाना, फिर घंटों-घंटों लंबी कॉलें. महिला के पति जितेंद्र ने बताया कि शादी की तैयारियों के दौरान उन्हें पता चला कि राहुल और उनकी पत्नी दिन में 15–20 घंटे फोन पर बात कर रहे हैं. शुरुआत में उन्होंने इसे हल्के में लिया, पर धीरे-धीरे शक गहराता चला गया.

फरार होने के बाद कहां-कहां पहुंचे

जब मामला मीडिया में उछला और पुलिस हरकत में आई, तब पता चला कि दोनों अलीगढ़ से कासगंज, फिर बरेली और वहां से बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे. कुछ दिन वहीं ठहरे और नेपाल बॉर्डर तक जाने की तैयारी भी कर डाली. बाद में राहुल ने बताया कि जब उन्होंने फोन खोला, तो देखा—दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल थीं. हर जगह चर्चा फैल चुकी थी. घबराकर दोनों ने खुद ही लौटने का फैसला किया और मुजफ्फरपुर से बस पकड़कर यूपी लौटते हुए थाना दादों में सरेंडर कर दिया.

पुलिस के सामने क्या बोली थी सास

थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने अपने पति पर घरेलू हिंसा का गंभीर आरोप लगाया. उसने बताया कि पति शराब पीकर मारपीट करता, अपमानित करता और घर से निकाल देने की धमकी देता था. उसने कहा कि कभी राहुल से बेटी बात करती थी, कभी वो खुद—बस इसी बात पर घर में रोज झगड़े होने लगे. पति ताना देता था कि अब तो राहुल के साथ भाग जाओ. उसने कहा कि हालात असहनीय हो गए थे, इसलिए वह घर छोड़कर चली गई. राहुल ने भी बताया कि वह महिला को पहले से जानता था और उसके कहने पर साथ गया था. वह रोती थी और कहती थी कि अब जीने का मन नहीं करता. पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें साथ रहने की अनुमति दे दी थी.

दस महीने बाद कहानी में नया ट्विस्ट

करीब दस महीनों तक दोनों बिहार में साथ रहे और स्थानीय लोगों के मुताबिक पति-पत्नी की तरह जिंदगी गुजारते रहे. लेकिन अब राहुल का दावा है कि महिला उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ फरार हो गई है. राहुल के अनुसार, वह उसके दो लाख रुपये कैश और कुछ महत्वपूर्ण जेवर भी उठा ले गई. राहुल का दर्द साफ झलकता है—कारण समाज की तानों के बीच उसने सबकुछ छोड़ा, पर बदले में उसे फिर से धोखा मिला.

शिकायत करने पहुंचा तो मिला ये जवाब

राहुल शिकायत दर्ज कराने अलीगढ़ के थाना दादों पहुंचा, लेकिन वहां पुलिस ने हाथ खड़े कर दिए. उन्होंने कहा कि घटना तो बिहार की है, इसलिए कार्रवाई भी वहीं की पुलिस करेगी. अब राहुल बिहार जाकर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है. कहानी अब किस दिशा में जाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा.