चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू: घर बैठे ऐसे करें आवेदन, जानें पूरा स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है. श्रद्धालु वेबसाइट, मोबाइल ऐप या व्हाट्सएप के जरिए घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन कैसे होगा, इसका स्टेप-बाय-स्टेप पूरा प्रॉसेस आप यहां देख सकते हैं.
उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस साल एक नई रफ्तार के साथ शुरू हो रही है, और इसकी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी जोरों पर है. सरकार ने साफ कर दिया है कि बिना पंजीकरण किसी भी यात्री को यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी. 19 अप्रैल से आरंभ हो रही इस पवित्र यात्रा के लिए श्रद्धालु अब घर बैठे सिर्फ कुछ क्लिक में वेबसाइट, मोबाइल ऐप या व्हाट्सऐप के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं.
यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन का विकल्प भी दिया गया है. ऑफलाइन प्रक्रिया के लिए 50 विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां सीधे जाकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है. हालांकि, ज्यादातर यात्री ऑनलाइन माध्यम को चुन रहे हैं क्योंकि यह तेज, आसान और समय बचाने वाला विकल्प है.
मोबाइल ऐप और व्हाट्सऐप से होगा सेकंडों में रजिस्ट्रेशन
श्रद्धालु अपने फोन पर 'Tourist Care Uttarakhand' ऐप डाउनलोड कर तुरंत रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, जो पूरी तरह सरल और यूज़र-फ्रेंडली है. इतना ही नहीं, अब केवल व्हाट्सऐप नंबर 8394833833 पर एक मैसेज भेजकर भी यात्रा का रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है, जिससे प्रक्रिया और भी आसान हो गई है.
किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन हमेशा उपलब्ध
यात्रा के दौरान किसी भी जानकारी, सवाल या परेशानी के लिए श्रद्धालु अब सीधे हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 पर संपर्क कर सकते हैं. यह हेल्पलाइन लगातार सक्रिय रहती है और यात्रियों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराती है.
रजिस्ट्रेशन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. पहले ही दिन शाम 5 बजे तक 1 लाख 23 हजार 788 से ज्यादा लोगों ने यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा लिया था. आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और इस बार रिकॉर्ड तोड़ भीड़ की उम्मीद की जा रही है.
इस साल की चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से आधिकारिक रूप से शुरू होने जा रही है.
- वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाएं.
- होमपेज पर दिख रहे 'Register/Sign In' विकल्प पर क्लिक करें और अपनी मूल जानकारी डालकर एक नई आईडी बनाएं.
- लॉग इन के बाद 'Create/Manage Tour' सेक्शन में जाएं और अपनी यात्रा की तारीख व धामों का चयन करते हुए प्लान बनाएं.
- 'Add Pilgrim' पर क्लिक कर सभी यात्रियों का विवरण भरें और पहचान पत्र (आधार, वोटर आईडी आदि) अपलोड करें.
- अंत में आपको एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) प्राप्त होगा. इसके बाद अपना 'यात्रा पंजीकरण पत्र' डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें.