मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘प्रगति पोर्टल’ के जरिए आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को बताया साकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रगति पोर्टल के जरिए उत्तराखंड में 42 परियोजनाओं की निगरानी, 15 हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट्स की समीक्षा और 10 सफल परियोजनाओं की जानकारी दी। SASCI योजना के तहत 1,806.49 करोड़ रुपये की सहायता मिली, जिससे राज्य में आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार हो रहा है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को भारत सरकार के प्रगति पोर्टल विषय पर पीआईबी, देहरादून द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रगति पोर्टल डिजिटल इंडिया के तहत परियोजनाओं, योजनाओं और जन शिकायतों की त्वरित समीक्षा एवं समाधान के लिए बनाया गया था और यह राज्य में विकास की गति को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में कुल 3.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 42 परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है। इनमें से 15 हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट्स (1.22 लाख करोड़ रुपये) की समीक्षा PRAGATI मैकेनिज्म के तहत हो रही है। अब तक 10 परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं और 32 परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है। इनमें सड़क, राजमार्ग, आईटी/ITES, ऊर्जा उत्पादन, रेलवे, कृषि, उद्योग-वाणिज्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, अपशिष्ट और जल प्रबंधन की परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने चार धाम परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन पर चल रहे काम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के पूरा होने पर यह पर्यटन और श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण मार्ग बनेगा और मानसून या वर्षाकाल में अवरुद्ध रास्तों की समस्या भी हल होगी।
उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से ऋषिकेश, हरिद्वार, मसूरी, धनोल्टी और देहरादून आने वाले देश-दुनिया के पर्यटक लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही जल विद्युत परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिन्हें प्रगति पोर्टल के माध्यम से प्रतिदिन मॉनिटर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भागीरथी इको-सेंसिटिव ज़ोन के कारण जल विद्युत परियोजनाओं में आ रहे अवरोधों को दूर करने के लिए राज्य और केंद्र सरकार मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आधुनिक बुनियादी ढांचे और आर्थिक प्रगति के लिए केंद्र सरकार का बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
वित्तीय दृष्टि से मुख्यमंत्री ने बताया कि SASCI योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में उत्तराखंड को 1,806.49 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है, जिसमें 734 करोड़ की अतिरिक्त ऋण राशि और शहरी भूमि सुधार के लिए 25 करोड़ रुपये शामिल हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह वित्तीय सहायता उत्तराखंड को विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को यह भी जानकारी दी कि प्रगति पोर्टल के माध्यम से राज्य की सभी परियोजनाओं की डिजिटल निगरानी से योजनाओं का निष्पादन तेजी से हो रहा है, जिससे ‘आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत और डिजिटल इंडिया’ का सपना साकार हो रहा है।