AI Impact Summit में 5 मेगा डील्स का धमाका! डेटा सेंटर से AI चिप फैक्ट्री तक, भारत बनने जा रहा टेक सुपरपावर

भारत में AI Impact Summit का आज चौथा दिन है और अब तक कई बड़े-बड़े इनवेस्मेंट का ऐलान हो चुका है. ये इनवेस्टमेंट भारत में AI इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर आदि बनाने में मदद करेगा. इसमें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और एनवीडिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं. आइए इनके बारे में डिटेल्स में जानते हैं.

Feb 19, 2026 - 10:22
AI Impact Summit में 5 मेगा डील्स का धमाका! डेटा सेंटर से AI चिप फैक्ट्री तक, भारत बनने जा रहा टेक सुपरपावर

AI Impact Summit के चौथे दिन भारत के लिए खुशखबरी पर खुशखबरी आती रही। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों ने ऐसा इनवेस्टमेंट बरसाया है, जिसने आने वाले वर्षों में भारत को ग्लोबल AI पावर बनाने की नींव रख दी है। Google, Microsoft, Nvidia और Qualcomm जैसी कंपनियों ने साफ कर दिया है कि अब भारत ही वह जगह है जहां अगली टेक क्रांति जन्म लेगी। समिट में इन कंपनियों ने बताया कि वे देश में अत्याधुनिक डेटा सेंटर, हाई-एंड AI मॉडल और नई पीढ़ी की टेक्नोलॉजी तैयार करेंगी।

बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा जब Google के CEO सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि गूगल अगले 5 सालों में भारत में 15 बिलियन अमेरिकी डॉलर डालने वाला है। इस दौरान गूगल के CEO के साथ गूगल डीपमाइंड के प्रमुख जीफ डेमिस हासाबिस भी भारत में मौजूद रहे, जिससे इस इनवेस्टमेंट की अहमियत और भी बढ़ गई।

भारत में बनेगा Google का विशाल AI हब

गूगल की यह इनवेस्टमेंट भारत के पहले मेगा AI हब की नींव रखेगी। इसका सबसे बड़ा केंद्र विशाखापत्तनम में बनने वाला विशाल AI डेटा सेंटर होगा, जहां दुनिया के सबसे शक्तिशाली AI मॉडल ट्रेन किए जाएंगे। यही हब क्लाउड सर्विस, AI कंप्यूटिंग और हाई-एंड डेटा प्रोसेसिंग का नया कमांड सेंटर बनने वाला है।

Microsoft का शॉकिंग ऐलान – 50 बिलियन डॉलर का प्लान

AI Impact Summit में Microsoft ने एक ऐसा ऐलान किया जिसने सबको हैरान कर दिया। कंपनी ने कहा कि वह अगले चार सालों में ग्लोबल साउथ में 50 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश करेगी। यह राशि माइक्रोसॉफ्ट के अब तक के सबसे बड़े निवेशों में से एक होगी। पिछले साल कंपनी ने भारत में 17.5 बिलियन डॉलर लगाने का प्लान साझा किया था, जिसे अब और बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Nvidia की धांसू पार्टनरशिप – Yotta और L&T के साथ बिग प्लान

Yotta Data Services ने घोषणा की है कि वह Nvidia के नए-नए सुपर-चिप्स के डेवलपमेंट पर 2 अरब डॉलर से ज्यादा की भारी-भरकम इनवेस्टमेंट करेगा। इसके लिए एक विशाल AI कंप्यूटिंग हब खड़ा किया जाएगा, जो शुरुआती AI स्टार्टअप्स और बड़े प्रोजेक्ट्स को जबरदस्त ताकत देगा। इसके साथ ही Yotta लगभग 1.2 अरब डॉलर अपने विस्तार के लिए जुटाने की तैयारी कर रहा है।

L&T के साथ मिलकर बनेगी भारत की मेगा AI फैक्ट्री

समिट के दौरान दुनिया भर की टेक कंपनियों की मौजूदगी के बीच Nvidia ने संकेत दिया कि वह भारत में एक विशाल AI फैक्ट्री बनाने की तैयारी कर रही है। इस प्रोजेक्ट के लिए वह भारत की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के साथ हाथ मिलाएगी। यह फैक्ट्री भारत को AI उत्पादन के वैश्विक नक्शे पर सबसे आगे लाने में बड़ी भूमिका निभाएगी।

भारतीय स्टार्टअप Neysa AI ने किया बड़ा धमाका

देशी स्टार्टअप Neysa AI ने फंडिंग की दुनिया में बड़ा कमाल कर दिखाया है। कंपनी ने 1.2 बिलियन डॉलर यानी करीब 10,000 करोड़ रुपये जुटाकर सभी को चौंका दिया। इस निवेश में दुनिया की दिग्गज इनवेस्टमेंट फर्म Blackstone भी शामिल है। Neysa AI एक हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है, जो उन्नत तकनीकी ढांचा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।