भारत-पाक मैच पर बड़ा यू-टर्न? BCCI के दबाव में झुका बांग्लादेश! BCB चीफ ‘बुलबुल’ का गुप्त प्लान आया सामने!
टी20 वर्ल्ड कप से हटने के विवाद के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अब भारत से रिश्ते सुधारने की कोशिश में है. BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम 'बुलबुल' ने संकेत दिए हैं कि 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाला भारत-पाकिस्तान मैच 'आइस ब्रेकर' साबित हो सकता है, जहां एशिया के पांचों प्रमुख क्रिकेट बोर्ड साथ बैठकर बातचीत करेंगे.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान बढ़ते तनाव को खत्म करने की उम्मीद जगाते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बड़ा संकेत दिया है. BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम 'बुलबुल' ने कहा कि 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाने वाला भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला, भारत और BCCI के साथ रिश्तों की जमी बर्फ पिघला सकता है. उन्होंने इसे एक सुनहरा मौका बताते हुए माहौल बदलने की उम्मीद जताई.
प्रोथोम आलो से बातचीत में अमीनुल ने खुलासा किया कि ICC चाहता है कि एशिया के पांचों दिग्गज—भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान—इस ब्लॉकबस्टर मैच को एकसाथ देखें. उनका कहना है कि इस मुलाकात के जरिए टीमों के बीच संवाद बढ़ेगा और गलतफहमियां दूर होंगी. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इसे देशों के बीच “आइस ब्रेकर” की तरह देखा जाए.
लाहौर की बैठक में BCB की बड़ी भूमिका
सूत्रों के अनुसार, लाहौर में हुई त्रिपक्षीय बैठक में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ खेलने के फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए तैयार कराने में बांग्लादेश की अहम भूमिका रही. यह कदम एशियाई क्रिकेट राजनीति में एक अप्रत्याशित लेकिन बड़ा मोड़ साबित हुआ, जिसने कई अटके हुए समीकरण बदल दिए.
कैसे बिगड़े थे हालात?
बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत आने से साफ इनकार कर दिया था.
जब ICC ने मैच भारत से बाहर कराने की BCB की मांग ठुकराई, तो बोर्ड ने टूर्नामेंट से हटने का ऐतिहासिक फैसला ले लिया.
ICC बोर्ड ने मतदान के बाद स्पष्ट कर दिया कि अगर बांग्लादेश भारत नहीं जाएगा, तो उसकी जगह किसी और टीम को शामिल किया जाएगा. नतीजतन बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में जगह मिल गई. इसी विवाद की जड़ आईपीएल से मुस्ताफिजुर रहमान का हटाया जाना माना जाता है.
ICC का नरम रुख—बांग्लादेश पर नहीं लगा कोई प्रतिबंध
लाहौर में हुई चर्चा में ICC ने चौंकाते हुए बांग्लादेश पर किसी तरह की कार्रवाई न करने का फैसला लिया. इतना ही नहीं, 2028 से 2031 के बीच एक बड़े ICC इवेंट की मेजबानी बांग्लादेश को दिए जाने पर भी सहमति बन गई, जिसने माहौल को और सहज कर दिया.
अब MoU से तय होगी क्रिकेट की नई दिशा
अमीनुल इस्लाम ने बताया कि BCB अब एक औपचारिक MoU तैयार कर रहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि लाहौर बैठक में लिए गए फैसलों से कोई पीछे न हटे. उन्होंने कहा कि यह समझौता लाइन-दर-लाइन तैयार किया जाएगा ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनिश्चितता न रहे.
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि ढाका में हुई ACC की सालाना बैठक में भी इसी तरह का दस्तावेज तैयार किया गया था, ताकि कोई भी सदस्य देश बीच में समझौते से न मुड़ सके.
BCB अध्यक्ष के अनुसार, ICC के साथ यह MoU लगभग अंतिम चरण में है और इसे एशियाई क्रिकेट सहयोग को नई मजबूती देने वाला ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है.