उत्तराखंड की चुनौतियों पर चर्चा: मुख्यमंत्री धामी और नीति आयोग उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण बैठक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सचिवालय में नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और राज्य से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बेरी का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में पर्वतीय, मैदानी, भाबर और तराई क्षेत्र हैं, जो प्राकृतिक आपदाओं, वनाग्नि, पलायन और फ्लोटिंग जनसंख्या जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड दो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा होने के कारण सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, और हिमालयी राज्यों की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नीति निर्धारण की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार हिम आधारित नदियों को वर्षा आधारित नदियों से जोड़ने की एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर कार्य कर रही है, जिसे गेम-चेंजर साबित होने की उम्मीद है। इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए अत्यधिक धनराशि और तकनीकी सहयोग की जरूरत है, जिसके लिए उन्होंने नीति आयोग से सहयोग की मांग की।
उन्होंने कहा कि राज्य की मूल जनसंख्या करीब सवा करोड़ है, लेकिन धार्मिक और पर्यटन राज्य होने के कारण यहां साल भर में 10 गुना अधिक फ्लोटिंग आबादी का आवागमन होता है, जिसके लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास की नीति बनाना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की आपदाओं के प्रति संवेदनशीलता पर भी चर्चा की और कहा कि राज्य हर साल प्राकृतिक आपदाओं के कारण भारी जन-धन की हानि झेलता है।
उन्होंने आपदा प्रबंधन के लिए विशेष नीति और वनाग्नि से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधनों की मांग की। इसके साथ ही सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए भी विशेष नीति बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने उत्तराखंड को सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में पहला स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने राज्य की चुनौतियों को समझते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बेरी ने यह भी कहा कि नीति आयोग राज्य के आकांक्षी जनपदों और विकासखंडों के विकास के लिए हर संभव समर्थन प्रदान करेगा।
इस बैठक में उत्तराखंड सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।