झारखंड स्वास्थ्य विभाग में 10,000 से अधिक पदों पर भर्ती की घोषणा

झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही 10,000 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने यह घोषणा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच स्वस्थ झारखंड-सुखी झारखंड को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिसमें नए मेडिकल कॉलेज खोलना, मेडिकल सीटें बढ़ाना, हर पंचायत में हेल्थ कॉटेज बनाना और एआई टेक्नोलॉजी के माध्यम से इलाज की व्यवस्था करना शामिल है। रिम्स में मरीजों की भीड़ को कम करने के लिए जल्द ही पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे।

Mar 14, 2025 - 15:36
झारखंड स्वास्थ्य विभाग में 10,000 से अधिक पदों पर भर्ती की घोषणा
झारखंड में स्वास्थ्य विभाग करेगा 10,000 से अधिक पदों पर भर्ती

रांची: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग में जल्द ही 10,000 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को नामकुम स्थित आईपीएच सभागार में नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सोच स्वस्थ झारखंड-सुखी झारखंड को पूरा करने का प्रयास स्वास्थ्य विभाग कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। रिम्स में मरीजों की भीड़ को कम करने के लिए जल्द ही पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, विभाग सेवानिवृत्त डॉक्टरों की सेवाएं भी लेगा।

हर पंचायत में हेल्थ कॉटेज और सुदूर इलाकों में बाइक एंबुलेंस

डॉ. अंसारी ने कहा कि राज्य में जल्द ही कई नए मेडिकल कॉलेज भी खोले जाएंगे और मेडिकल सीटों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। हर पंचायत में हेल्थ कॉटेज बनाए जाएंगे और एआई टेक्नोलॉजी के माध्यम से इलाज की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा का विस्तार किया जाएगा और सुदूर इलाकों में बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों से एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई थी, जिससे कई लोगों की जान बची।

बड़ी कंपनियां स्वास्थ्य क्षेत्र में करें काम

मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य में स्थापित बड़ी कंपनियों से सीएसआर फंड के माध्यम से स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने का आग्रह किया है। उन्होंने निजी अस्पतालों को मरीजों की मौत पर उनके बकाया बिल माफ करने का भी निर्देश दिया है, ताकि परिजनों को दुख की घड़ी में परेशानी न हो। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने नवनियुक्त चिकित्सकों को बधाई दी।