ICC ने लगाया बैन तो पाकिस्तान क्या करेगा? BCCI से टकराव PCB को कितना भारी पड़ेगा , अंदर की पूरी कहानी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक ICC को आधिकारिक पत्र नहीं भेजा है, लेकिन सरकारी घोषणा के बाद हालात गंभीर हो चुके हैं. ICC का मानना है कि यह फैसला केवल एक मैच तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पूरे टूर्नामेंट की विश्वसनीयता, ब्रॉडकास्ट डील और वैश्विक फैनबेस प्रभावित होगा.

Feb 2, 2026 - 12:11
ICC ने लगाया बैन तो पाकिस्तान क्या करेगा? BCCI से टकराव PCB को कितना भारी पड़ेगा , अंदर की पूरी कहानी

भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 मुकाबले का बहिष्कार पाकिस्तान क्रिकेट के लिए महाजंजाल बन गया है. सरकार के निर्देश के बाद अगर PCB आधिकारिक रूप से भारत से खेलने से इनकार करता है, तो ICC की तरफ से ऐसा तूफानी एक्शन आ सकता है, जो पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर तक कर दे. यह फैसला पाक क्रिकेट को ऐसी मुश्किल में धकेल चुका है, जहां हर अगला कदम भारी साबित हो सकता है.

सूत्रों के अनुसार ICC पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े दंडात्मक विकल्पों पर गहराई से विचार कर रहा है. अगले 48 घंटों में होने वाली बोर्ड की वर्चुअल मीटिंग इस पूरे मामले का रुख तय करेगी. भले ही पाकिस्तान को खेलने की इजाजत मिल जाए, लेकिन उस पर ऐसी सजा गिर सकती है जो क्रिकेट इतिहास में मिसाल बन जाए.

पीटीआई से बातचीत में एक सूत्र ने खुलासा किया कि पाकिस्तान ने ICC और BCCI के साथ न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने की बाध्यकारी सहमति को तोड़ा है. इसका नतीजा यह हो सकता है कि सदस्य बोर्ड पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज से दूरी बना लें. अगर ऐसा हुआ तो पाक टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरी तरह अकेली पड़ जाएगी. इसके अलावा WTC के अंक भी पाकिस्तान से छिन सकते हैं, यानी टूर्नामेंट से लगभग बाहर का रास्ता.

ICC ऐसे कदम भी उठा सकता है जिससे PCB की आर्थिक रीढ़ हिल जाए. पाकिस्तान सुपर लीग पर भी खतरे के बादल छाए हैं, क्योंकि विदेशी खिलाड़ियों पर रोक लग सकती है. ऐसे हालात में सिर्फ रिटायर्ड या फ्री एजेंट खिलाड़ी ही PSL में उतर पाएंगे, और यह लीग की ब्रांड वैल्यू पर बड़ा प्रहार होगा.

भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से ब्रॉडकास्टर जियोहॉटस्टार को करोड़ों में घाटा होगा और यह रकम PCB से वसूली जा सकती है. सिर्फ विज्ञापन राजस्व में ही 200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है. इतना ही नहीं, ICC पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर युगांडा को उसकी जगह देने पर भी विचार कर रहा है. हालांकि अंतिम फैसला बोर्ड की बैठक के बाद ही सामने आएगा.

हर रास्ता अब नुकसान की ओर
भारत से टकराव का फैसला पाकिस्तान को ऐसे मोड़ पर ले आया है जहां हर दिशा में नुकसान ही नुकसान दिख रहा है. PCB को हर वर्ष ICC से करीब 316.50 करोड़ रुपये मिलते हैं, और अगर संगठन ने बैन लगा दिया तो पाकिस्तान क्रिकेट की बुनियाद हिल जाएगी. ICC के बड़े हिस्से का राजस्व भारत से आता है, ऐसे में पाकिस्तान दोनों दिग्गजों से भिड़कर खुद को ही संकट में डाल रहा है.

स्थिति यह है कि अब सभी की नजर इस बात पर है कि PCB आखिरी समय पर यू-टर्न लेगा या फिर ICC की कड़ी सजा का सामना करेगा. पाकिस्तान का इतिहास बताता है कि यू-टर्न लेना उसके लिए कोई नई बात नहीं है, और कई खिलाड़ी भी ऐसा कर चुके हैं. बीसीसीआई और ICC से पंगा लेना PCB के लिए भारी पड़ सकता है और मामला आगे बढ़ा तो पाक क्रिकेट की कमर टूटते देर नहीं लगेगी.