शेयर बाजार का बदला मिज़ाज! बजट वाले दिन के क्रैश के बाद अचानक आई तेज़ी — निवेशकों की लौटी मुस्कान
Stock Market का मूड बजट के दिन रविवार को खराब नजर आया था और सेंसेक्स-निफ्टी क्रैश हो गए थे. वहीं सोमवार इस गिरावट से उबरते हुए दोनों इंडेक्स अचानक तूफानी रफ्तार से भागते हुए नजर आए हैं.
रविवार की दर्दनाक गिरावट के बाद सोमवार का शेयर बाजार बिल्कुल अलग ही रंग में नजर आया. बजट में STT बढ़ने की घोषणा ने सेंसेक्स और निफ्टी को एक झटके में जमीन पर ला दिया था, लेकिन नए हफ्ते की शुरुआत होते ही बाजार ने करारी वापसी करते हुए सबको चौंका दिया. सुबह लाल निशान में खुला बाजार अचानक रफ्तार पकड़ गया और BSE Sensex 450 से ज्यादा अंक की छलांग लगा गया. इसी के साथ NSE Nifty भी 24,900 के पार निकल गया, हालांकि इस ऊंचाई को छूते ही थोड़ी सुस्ती जरूर दिखाई दी.
बजट के बाद मचा था कोहराम
रविवार को पेश हुए आम बजट में जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने STT बढ़ाने का ऐलान किया, तो बाजार में मानो तूफान ही आ गया. देखते ही देखते सेंसेक्स 2400 अंक लुढ़क गया और निफ्टी 750 अंक से ज्यादा धड़ाम हो गया. कुछ ही मिनटों में निवेशकों के करीब 11 लाख करोड़ रुपये हवा हो गए और बाजार का माहौल पूरी तरह निगेटिव हो गया था.
सुस्ती से शुरूआत, फिर जबरदस्त रिवर्सल
सोमवार को ट्रेडिंग शुरू होते ही सेंसेक्स 80,722 के मुकाबले 80,555 पर खुला और थोड़ी देर में 80,480 तक फिसल गया. लेकिन इसके बाद मार्केट ने अचानक ‘V-शेप’ रिकवरी दिखाई और कुछ ही पलों में 466 अंकों की तेज छलांग मारते हुए 81,211 के स्तर पर पहुंच गया. निफ्टी भी 24,825 से नीचे खुला था, लेकिन सेंसेक्स की तेजी ने इसे भी नई ऊर्जा दे दी और यह 100 अंक उछलकर सीधे 24,942 तक जा पहुंचा.
तेजी की इस वापसी के पीछे क्या है वजह?
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि बजट में हुए बदलावों को लेकर शुरुआती घबराहट अब कम हो गई है. STT बढ़ने का असर आम निवेशकों और लॉन्गटर्म पोर्टफोलियो पर ज्यादा नहीं पड़ेगा, जबकि बड़ा भार सिर्फ एफएंडओ ट्रेडिंग करने वालों पर आएगा. इस राहत के सेंटिमेंट ने बाजार में फिर भरोसा जगाया. इसके अलावा कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में आई जोरदार तेजी ने भी रिकवरी को मजबूती दी.
इन शेयरों ने दिया बाजार को सहारा
बड़ी कंपनियों में Adani Ports (3.30%), Asian Paints (2.50%), L&T (2.30%) और Reliance (1.35%) जैसे दिग्गज शेयरों की शानदार रैली ने गिरते बाजार को संभालने में बड़ी भूमिका निभाई. मिडकैप सेगमेंट में HP (5%), GMR Airport (3.30%), Bharat Forge (2.10%) और Dixon (2%) ने जबरदस्त छलांग लगाई.
स्मॉलकैप स्टॉक्स में IIFL (3.62%) और Hindustan Copper (3.50%) भी तेजी से उछलते हुए हरे निशान पर मजबूती से टिके रहे. इन सारे शेयरों की ताकत ने मार्केट को गिरावट से खींचकर फिर उठ खड़ा किया.