दिवाली से पहले हो सड़कों की मरम्मत का काम पूरा, नहीं तो परिणाम के लिए तैयार रहें अधिकारी: सीएम धामी
सीएम धामी ने अपने शासकीय आवास पर आयोजित एक बैठक में सड़क गड्ढा मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बैठक में उन्होंने अब तक पूर्ण हुए कार्यों का जायजा लिया और शेष बची सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर आयोजित एक बैठक में सड़क गड्ढा मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। बैठक में उन्होंने अब तक पूर्ण हुए कार्यों का जायजा लिया और शेष बची सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़कों की मरम्मत के काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत का काम एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि राज्यभर में सड़कों की मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा हो, ताकि जनता को यातायात की समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आगामी दीपोत्सव के दृष्टिगत राज्यवासियों को अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को समर्थन मिलेगा, जो राज्य की आर्थिक मजबूती के लिए आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने 'वोकल फॉर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियानों को और अधिक सशक्त बनाने के लिए भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी इस बैठक की जानकारी साझा करते हुए लिखा, "सड़क गड्ढा मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से अब तक पूर्ण हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। जहां-जहां सड़कों की मरम्मत का काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।"
इस बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री को मरम्मत कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि दीपावली से पहले सभी लंबित कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।