सिर्फ एक आशीर्वाद और भर आईं आंखें! मेजर होशियार सिंह दहिया की पत्नी से मिलकर भावुक हुए वरुण धवन
बॉर्डर 2 को लेकर वरुण धवन ट्रोलिंग के बीच सुर्खियों में हैं। इसी दौरान मेजर होशियार सिंह दहिया की पत्नी ने उनकी तारीफ की। उन्होंने वरुण को आशीर्वाद भी दिया।
इस साल रिलीज होने जा रही देशभक्ति से लबरेज़ फिल्म ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त हलचल मची हुई है. 23 जनवरी को, यानी गणतंत्र दिवस से ठीक पहले, सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली यह फिल्म पहले ही चर्चा का केंद्र बन चुकी है. सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी जैसे सितारे इसमें अपने दमदार किरदारों के साथ नजर आएंगे. लेकिन रिलीज से पहले ही वरुण धवन के साथ हुई एक खास मुलाकात ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
वरुण को मिला अनमोल आशीर्वाद
फिल्म में वरुण धवन शहीद मेजर होशियार सिंह दहिया का किरदार निभाते दिखेंगे, जो अपने आप में एक बड़ा सम्मान है. इसी सिलसिले में प्रमोशनल इवेंट के दौरान वरुण की मुलाकात मेजर साहब की पत्नी से हुई. उन्होंने वरुण की परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए न सिर्फ उन्हें ढेरों दुआएं दीं, बल्कि उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद भी दिया.
सोशल मीडिया पर इस खास मुलाकात के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. उनमें से एक वीडियो में मेजर होशियार सिंह की पत्नी दिल से वरुण की सराहना करती हुई नजर आती हैं. उनके चेहरे की चमक और शब्दों की गर्माहट साफ बता रही थी कि उन्हें वरुण का काम बेहद पसंद आया.
वरुण ने उनसे मुस्कुराते हुए पूछा— “आपको मेरा काम ठीक लगा, अच्छा लगा?” इस पर उन्होंने प्यारभरे शब्दों में कहा— “तुमने बहुत बढ़िया किया… शाबाश. फिल्म बहुत चलेगी.” फिर उन्होंने वरुण के सिर पर हाथ रखा और आशीर्वाद दिया. इस दौरान वरुण हाथ जोड़े विनम्रता से उनके सामने खड़े रहे. फैंस इस वीडियो को देखकर वरुण की सादगी और उनके संस्कारों के दीवाने हो गए हैं.
ट्रोल्स के निशाने पर क्यों आए वरुण?
हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ का गाना ‘घर कब आओगे’ रिलीज हुआ, जिसके बाद से सोशल मीडिया पर वरुण की एक्टिंग को लेकर मीम्स और टिप्पणियों की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. वरुण ने भी इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की थीं, जिसके कमेंट सेक्शन में उनकी एक्टिंग पर सवाल उठाते यूजर्स नजर आए.
एक यूजर ने उनसे पूछा— “भाई आपकी एक्टिंग पर लोग सवाल उठा रहे हैं, क्या कहोगे?” वरुण ने बेहद शांत अंदाज में जवाब दिया— “इसी सवाल ने गाना हिट करा दिया… सब एंजॉय कर रहे हैं… रब दी मेहर है.” उनका यह जवाब फैंस के दिल में सीधे उतर गया.
अगर फिल्म की बात करें तो ‘बॉर्डर 2’ का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है. यह 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जो उस वक्त भारतीय सिनेमा में एक ऐतिहासिक मुकाम बना चुकी थी. इस बार भी सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी अपनी दमदार मौजूदगी से पर्दे पर आग लगाने वाले हैं. वहीं सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा जैसी अभिनेत्रियां कहानी को नया आयाम देंगी.