50 सेलेब्स, 50 एपिसोड और करोड़ों की कमाई! फराह खान का ‘The 50’ क्या बदल देगा रियलिटी टीवी का खेल?

कलर्स टीवी के नए रियलिटी शो ‘द 50’ का कॉन्सेप्ट सामने आ गया है. फराह खान के होस्ट वाले इस शो में 50 सेलिब्रिटीज खेलेंगे और फैंस को भी पैसे जीतने का मौका मिलेगा. मेकर्स का दावा है कि ये शो बिग बॉस से बिल्कुल अलग होगा.

Jan 12, 2026 - 17:01
50 सेलेब्स, 50 एपिसोड और करोड़ों की कमाई! फराह खान का ‘The 50’ क्या बदल देगा रियलिटी टीवी का खेल?

कलर्स टीवी के नए रियलिटी शो ‘द 50’ का धमाकेदार पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है. फराह खान को बतौर होस्ट अनाउंस किए जाने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है, लेकिन अब तक न तो सभी कंटेस्टेंट्स के नाम आधिकारिक तौर पर सामने आए हैं और न ही शो का पूरा फॉर्मेट मेकर्स ने साफ किया है.

शो का आइडिया आखिर है क्या?

इंडिया टुडे को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक ‘द 50’ भारतीय टीवी के रियलिटी शो फॉर्मेट में एक बड़ा तूफान लाने वाला है. जियो हॉटस्टार के आलोक जैन ने हाल ही में कलर्स और जियो की आने वाली स्ट्रैटिजी साझा करते हुए बताया कि यह शो 1 फरवरी से ऑन-एयर होने वाला है, और इसकी प्लानिंग बेहद यूनिक है.

आलोक जैन ने खुलासा किया कि शो में 50 सेलिब्रिटी को एक ही सेटअप में रखा जाएगा, जहां उन्हें लगातार मजेदार और चुनौती भरे टास्क पूरे करने होंगे. हर कुछ एपिसोड के बाद एलिमिनेशन होंगे और लगभग 50 एपिसोड की इस जर्नी के आखिर में सिर्फ एक सेलिब्रिटी विनर बनेगा.

उन्होंने आगे बताया कि इस शो में विनर चुनने का तरीका और भी रोमांचक होगा, क्योंकि इस बार दर्शक सिर्फ देखने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इनाम भी जीत सकेंगे. उन्होंने कहा कि हर कंटेस्टेंट अपने फैंस के लिए खेलता नजर आएगा, और जिस कंटेस्टेंट को दर्शक सपोर्ट करेंगे, उन फैंस को भी प्राइज मनी का हिस्सा मिल सकता है—अगर उनका फेवरेट जीत गया तो!

दर्शकों के लिए भी बड़ा मौका

आलोक जैन ने यह भी समझाया कि दर्शक शुरुआत में सभी कंटेस्टेंट्स की परफॉर्मेंस देखकर अपना फेवरेट चुन सकेंगे. एक निर्धारित समय तक वे अपना चुनाव बदल भी सकते हैं. लेकिन चुनाव लॉक होने के बाद खेल पूरी तरह फैंस और उनके चुने हुए कंटेस्टेंट पर निर्भर करेगा.

जब उनसे पूछा गया कि 50 सेलिब्रिटी को एक साथ कास्ट करना कितना चुनौती भरा था, तो वे हंसते हुए बोले कि ये सच में बड़ा काम है, क्योंकि ऐसा कॉन्सेप्ट भारतीय टीवी पर पहली बार आज़माया जा रहा है. अब देखना है कि यह प्रयोग कितना हिट होता है.

जिन सेलेब्स के नाम चर्चा में हैं, उनमें धनश्री वर्मा, युजवेंद्र चहल, प्रतीक सहजपाल, सबा आजाद, एमिवे, ओरी, श्वेता तिवारी, अंकिता लोखंडे, कुशा कपिला, अंशुला कपूर, तान्या मित्तल, शिव ठाकरे, उर्फी जावेद, मिस्टर फैसू, निक्की तंबोली, अरबाज पटेल, श्रीसंत, करण पटेल, रिद्धि डोगरा, मल्लिका शेरावत, विवियन डीसेना और जय भानुशाली जैसे कई बड़े नाम शामिल बताए जा रहे हैं.