पवन सिंह की बर्थडे पार्टी में खौफनाक बवाल! स्टेज पर दोस्त को बॉडीगार्ड ने धक्का मारा
पवन सिंह की बर्थडे पार्टी के दौरान हंगामा हुआ है. पवन सिंह के बॉडीगार्ड ने उनके करीबी विशाल सिंह को जोरदार धक्का दिया, जिससे विवाद खड़ा हो गया. विशाल सिंह और बॉडीगार्ड के बीच कहासुनी भी हुई. इस घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है और न ही पवन सिंह या विशाल सिंह ने कोई प्रतिक्रिया दी है.
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने 5 जनवरी को अपना धमाकेदार 40वां बर्थडे मनाया, जिसकी चमक पूरे लखनऊ में दिखाई दी। इस ग्रैंड नाइट में फिल्म इंडस्ट्री से लेकर राजनीति तक के दिग्गज सितारे पहुंचे, जिससे महफिल और भी जगमगा उठी। अहाना कुमरा, कुब्रा सैत और कीकू शारदा जैसे सेलिब्रिटीज भी पावर स्टार के जश्न में शामिल हुए। लेकिन रात जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पार्टी में अचानक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ जिसने सभी को हिलाकर रख दिया।
पवन सिंह की पार्टी में अचानक मचा हंगामा
एक वायरल वीडियो में देखा गया कि पवन सिंह के बेहद करीबी दोस्त विशाल सिंह को उनकी सिक्योरिटी टीम ने जोर का धक्का दे दिया। स्टेज पर अचानक हुई इस घटना ने वहां मौजूद मेहमानों को भी हैरान कर दिया। वीडियो में साफ दिखता है कि कुछ लोग आकर विशाल को स्टेज से नीचे धकेल देते हैं, जिन्हें पवन सिंह के बॉडीगार्ड बताया जा रहा है। धक्का इतना तेज था कि विशाल सीधे नीचे गिर पड़े और लोग अवाक रह गए।
इस अप्रत्याशित व्यवहार के बाद विशाल भी खुद को रोक नहीं पाए और दोबारा स्टेज पर चढ़कर बॉडीगार्ड्स से बहस करने लगे। दोनों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक चली, माहौल तनावपूर्ण हो गया और भीड़ में हलचल मच गई। तभी कुछ लोग बीच में आकर स्थिति को शांत करने की कोशिश करते दिखे। खास बात यह रही कि हंगामे के दौरान पवन सिंह स्टेज पर मौजूद ही नहीं थे, जिससे मामला और ज्यादा रहस्यमयी हो गया।
इस पूरे विवाद पर अभी ना तो पवन सिंह और ना ही विशाल सिंह ने कोई प्रतिक्रिया दी है। यह भी साफ नहीं हुआ कि आखिर विशाल को धक्का क्यों दिया गया। पावर स्टार के इतने खास दोस्त के साथ इस तरह का बर्ताव सामने आना फैंस को चौंका रहा है। विशाल और पवन सिंह की दोस्ती हमेशा चर्चा में रहती है, और कई मौकों पर दोनों को साथ देखा गया है।
जब रात 12 बजे पवन सिंह ने अपना बर्थडे केक काटा था, तब भी विशाल उनके साथ खड़े दिखाई दिए थे। उनके इंस्टाग्राम पर पवन सिंह संग उनकी कई फोटोज वायरल होती रहती हैं। विशाल उन्हें ‘भैया’ कहकर बुलाते हैं, जबकि पवन सिंह भी उन्हें छोटे भाई जैसा मानते हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की बॉन्डिंग को खूब पसंद किया जाता है।
कौन हैं विशाल सिंह?
विशाल सिंह पेशे से एक्टर हैं और इन दिनों जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में नजर आ रहे हैं। वो पावर स्टार पवन सिंह के बेहद करीबी माने जाते हैं और भोजपुरी कलाकारों के बीच उनकी अच्छी पहचान है। यही नहीं, विशाल बिहार की सोशल मीडिया सेंसेशन मनीषा रानी के मैनेजर भी हैं। मनीषा संग उनकी दोस्ती को लेकर काफी समय तक अफेयर की खबरें भी उड़ती रहीं, हालांकि मनीषा ने इन अफवाहों को हमेशा गलत बताया है।