भारत ने रोका T20 World Cup का खेल! पाकिस्तानी कनेक्शन वाला खिलाड़ी VISA में फंसा, टीम में सस्पेंस
पाकिस्तान में जन्मे अमेरिका के तेज गेंदबाज अली खान को भारत का वीजा नहीं मिला है. 35 साल के इस क्रिकेटर ने मंगलवार (13 जनवरी) को इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपना फोटो शेयर करते हुए लिखा – भारत का वीजा नहीं मिला लेकिन KFC जीत गया.
अमेरिका के स्टार तेज गेंदबाज अली खान को भारत का वीजा नहीं मिलने की खबर ने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है. इंस्टाग्राम पर अपना दर्द बयां करते हुए अली ने साफ कहा कि वह इस फैसले से बेहद निराश हैं. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अटक में जन्मे अली अब अमेरिका क्रिकेट टीम की रीढ़ माने जाते हैं और कई बड़े ग्लोबल टूर्नामेंट में अपनी धमाकेदार गेंदबाजी से नाम कमा चुके हैं.
अली खान का USA टीम के साथ रिकॉर्ड किसी भी दिग्गज को पीछे छोड़ने वाला है. अब तक वे अमेरिका के लिए 15 वनडे और 18 टी20 इंटरनेशनल खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 33 और 16 विकेट हासिल किए. टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उनकी बॉलिंग का जलवा देखने लायक था—उन्होंने भारत के खिलाफ ऋषभ पंत को चलता किया और पाकिस्तान के खिलाफ फखर जमां को पवेलियन भेजा, जिससे फैंस रोमांचित हो उठे.
वीजा न मिलने के बाद अली खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपना फोटो शेयर करते हुए चुटीले अंदाज में लिखा— भारत का वीजा नहीं मिला, लेकिन KFC तो जीत ही गया. उनकी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और फैन्स ने ढेरों रिएक्शन दिए.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी खेलेंगे?
माना जा रहा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अली खान USA टीम का अहम हिस्सा होंगे, हालांकि आधिकारिक स्क्वॉड अभी घोषित नहीं हुआ है. तेज गेंदबाज अब तक 99 टी20 मैचों में 93 विकेट ले चुके हैं. IPL टीम कोलकाता नाइटराइडर्स ने भी उन्हें हैरी गुर्ने के रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया था, मगर अफसोस उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका न मिल सका.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा. भारत के पांच बड़े शहर—अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई—मैचों की मेजबानी करेंगे, जबकि श्रीलंका में कोलंबो (RPS और SSC) और पल्लेकेले में मुकाबले खेले जाएंगे. USA टीम Group A का हिस्सा है, जिसमें भारत, पाकिस्तान, नामीबिया और नीदरलैंड्स शामिल हैं. टीम अपने चार में से तीन मैच भारत में खेलने वाली है.
USA टीम के मैच कब-कब होंगे?
USA का पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत के खिलाफ होगा. इसके बाद 10 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ंत होगी. वहीं 13 और 15 फरवरी को चेन्नई में नीदरलैंड्स और नामीबिया के खिलाफ दो अहम मैच खेले जाएंगे, जो टीम की किस्मत तय कर सकते हैं.