नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदना महंगा, 1 अप्रैल से बढ़ेंगे रेट
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 1 अप्रैल, 2025 से नए सर्किल रेट पर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री शुरू हो जाएगी। सूत्रों का दावा है कि सर्किल दरें 30 से 70% के बीच बढ़ सकती हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आवासीय सर्किल दरों में 30% तक की वृद्धि हो सकती है। जेवर क्षेत्र में कृषि भूमि के लिए सर्किल दरों को 70% तक बढ़ाया जा सकता है। सर्किल रेट बढ़ने की खबर से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई घर खरीदार चिंतित हैं। नोएडा अथॉरिटी के अनुसार, सर्किल रेट को बाजार दर के बराबर करना है।

सर्किल रेट में वृद्धि की खबर से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के घर खरीदार चिंतित हैं, क्योंकि उन्हें कई सालों से कब्जा नहीं मिला है। जेआईएल रियल एस्टेट अलाटीज वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष मोहन गुप्ता ने कहा कि खरीदार 12 साल से घरों का इंतजार कर रहे हैं और सर्किल रेट बढ़ने से वित्तीय बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सरकार से नीति बनाने का आग्रह किया है कि प्रॉपर्टी खरीदने के साल का सर्किल रेट लागू हो और अटकी परियोजनाओं के खरीदारों को स्टाम्प शुल्क में राहत मिले।
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे में प्रॉपर्टी के रेट बढ़ रहे हैं, इसलिए सर्किल रेट को बाजार दर के बराबर करना है, क्योंकि जेवर में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के कारण प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ी हैं। सर्किल रेट को अंतिम रूप देने से पहले जनता की राय ली जाएगी और 15 दिनों का समय दिया जाएगा।