करोड़ों में सलमान खान की नेटवर्थ! एक्टिंग के अलावा इन धंधों से भी छापते हैं पैसा
सलमान खान फिल्मों की एक्टिंग के साथ कई व्यवसायों और सामाजिक पहलों से जुड़े हैं, जिससे उनकी लोकप्रियता और प्रभाव दोनों बढ़ते हैं. वे जरूरतमंदों की मदद करते हुए अच्छी खासी कमाई भी करते हैं. यही कारण है कि वह सफल अभिनेता होने के साथ-साथ एक प्रभावशाली और लाभदायक बिजनेसमैन भी माने जाते हैं.
बॉलीवुड की चमचमाती दुनिया जितनी ग्लैमरस दिखती है, उतनी ही अनिश्चित भी है. हर सुपरस्टार की हर फिल्म हिट हो, यह जरूरी नहीं, इसलिए कई कलाकार एक्टिंग के साथ‑साथ दूसरे बिजनेस में भी हाथ आज़माते हैं. इन्हीं में से एक हैं 60 साल के सलमान खान, जिनकी कुल संपत्ति लगभग 3000 करोड़ रुपये बताई जाती है—और हैरानी की बात यह है कि इसका करीब आधा हिस्सा उन्होंने एक्टिंग नहीं, बल्कि अपने बिजनेस साम्राज्य से कमाया है.
सलमान सिर्फ बड़े पर्दे के ही नहीं, बल्कि बिजनेस की दुनिया के भी बादशाह हैं. रियल एस्टेट, फिटनेस से लेकर लाइफ़स्टाइल ब्रांड्स तक, उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाई है. आज हम आपको बताते हैं कि आखिर कौन‑कौन से सुपरहिट बिजनेस सलमान खान को करोड़ों की कमाई कराकर देते हैं.
बीइंग ह्यूमन (Being Human)
2007 में सलमान खान ने 'बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन' की शुरुआत की, जो शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित है. हार्ट सर्जरी, आई-केयर, क्रैनियोफेशियल ट्रीटमेंट और कैंसर मरीजों की मदद जैसे कई बड़े काम यह संस्था करती है. कपड़ों की बिक्री से फंड जुटाया जाता है और ब्रांड को प्रमोट करने की कमान सलमान खुद संभालते हैं.
SK-27 जिम और फिटनेस इक्विपमेंट
फिटनेस सलमान की पहचान है, और इसी पैशन को उन्होंने बिजनेस में बदल दिया. 2019 में पूरे भारत में SK-27 नाम की जिम चेन लॉन्च की और उसी साल 'बीइंग स्ट्रॉन्ग' फिटनेस इक्विपमेंट ब्रांड भी शुरू किया. आज कई शहरों में इनके जिम और फिटनेस मशीनें धूम मचा रही हैं.
सलमान खान प्रोडक्शन हाउस
2011 में लॉन्च हुई सलमान खान फिल्म्स (SKF) ने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं. उनके बैनर से बनी ‘चिल्लर पार्टी’ को 3 नेशनल अवॉर्ड्स मिले, जबकि ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी ब्लॉकबस्टर ने तो बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया.
टीवी शो होस्टिंग
बिग बॉस की धड़कन कहे जाने वाले सलमान खान 2010 से इस शो का चेहरा हैं. उनकी मौजूदगी हर सीजन को हिट बना देती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक बिग बॉस 19 के दौरान वह प्रति सप्ताह 45–50 करोड़ रुपये तक चार्ज करते हैं. इससे पहले वे ‘10 का दम’ जैसे सुपरहिट गेम शो भी होस्ट कर चुके हैं.
पेंटिंग बनाने का शौक
बहुत कम लोग जानते हैं कि सलमान खान एक बेहतरीन पेंटर भी हैं. उनकी कलाकृतियाँ काफी मशहूर हैं और कई पेंटिंग्स की बिक्री से होने वाला मुनाफा सीधा बीइंग ह्यूमन फाउंडेशन को जाता है. वह अपनी खास पेंटिंग्स दोस्तों और परिवार को तोहफे में भी देते हैं.
FRSH ग्रूमिंग प्रोडक्ट्स
कोरोना काल में सलमान ने FRSH नाम से अपना पर्सनल केयर ब्रांड लॉन्च किया. शुरुआत सैनिटाइजर से हुई, और धीरे‑धीरे यह परफ्यूम व बॉडी वाइप्स जैसी रेंज तक फैल गया. यह ब्रांड आज युवाओं के बीच काफी पॉपुलर है.
कई बड़े ब्रांड्स के एंबेसडर
सलमान खान विज्ञापन की दुनिया के भी बादशाह हैं. सुजुकी, डाबर, पेप्सी, Appy Fizz, रिवाइटल एच, चिंगारी ऐप, Dixcy Scott, रोटोमैक, हीरो होंडा और रियलमी जैसे दर्जनों ब्रांड उनके साथ जुड़े हैं. खबरों के मुताबिक, सलमान एक विज्ञापन के लिए 6–7 करोड़ रुपये तक लेते हैं.