यात्रीगण कृपया ध्यान दें! आज से रेल यात्रा महंगी, आपकी जेब पर पड़ेगा सीधा असर
रेल मंत्रालय ने ट्रेन टिकट किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी कर दी है. 26 दिसंबर 2025 से साधारण श्रेणी में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और मेल/एक्सप्रेस और एसी श्रेणियों में 2 पैसे प्रति किलोमीटर किराया बढ़ेगा. 215 किलोमीटर तक की साधारण यात्रा और उपनगरीय सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा. इससे पहले 21 दिसंबर को किराया बढ़ाने के फैसले की घोषणा की गई थी.
रेल से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अगर आप भी ट्रेन यात्रा पर निर्भर रहते हैं, तो अब आपका बजट पहले से ज्यादा बढ़ने वाला है। रेल मंत्रालय ने टिकट किराए में इजाफे की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है, जो शुक्रवार, 26 दिसंबर 2025 से लागू हो जाएगी। इससे पहले 21 दिसंबर को किराया बढ़ाने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब इसे औपचारिक मंजूरी मिल चुकी है।
26 दिसंबर से बढ़ेगा किराया, यात्रियों की जेब पर होगा सीधा असर
नए निर्देशों के मुताबिक, साधारण श्रेणी में 215 किलोमीटर तक यात्रा करने वालों को राहत मिलेगी क्योंकि उन पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगाया जाएगा। लेकिन जैसे ही दूरी 216 किलोमीटर पार करेगी, किराया अपने आप बढ़ जाएगा। साधारण कोच में 1 पैसा प्रति किलोमीटर और मेल/एक्सप्रेस की नॉन-एसी तथा सभी एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी लागू होगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।
मंत्रालय का कहना है कि यह साल 2025 में दूसरी बार है जब किराए में संशोधन किया गया है। इससे पहले जुलाई में भी बदलाव हुए थे। रेलवे का तर्क है कि बढ़ते संचालन खर्च और यात्रियों की वहन क्षमता के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता पर कोई असर न पड़े।
215 किमी तक टिकट कीमतों में कोई बदलाव नहीं, रोज़ाना यात्रियों को राहत
मंत्रालय ने साफ किया है कि सीजन टिकट और उपनगरीय (सबअर्बन) सेवाओं में कोई वृद्धि नहीं की जाएगी ताकि रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलती रहे। साधारण नॉन-एसी कोच में दूसरे दर्जे के लिए 215 किलोमीटर तक किराया जस का तस रहेगा। लेकिन दूरी बढ़ते ही शुल्क क्रमशः बढ़ेगा—216 से 750 किमी तक 5 रुपये, 751 से 1250 किमी तक 10 रुपये, 1251 से 1750 किमी तक 15 रुपये और 1751 से 2250 किमी तक सफर पर 20 रुपये अतिरिक्त देने पड़ेंगे।
मेल–एक्सप्रेस और एसी कोच में बढ़ोतरी दोगुनी, लंबी दूरी की जेब पर ज्यादा असर
स्लीपर और फर्स्ट क्लास में गैर-उपनगरीय यात्राओं के लिए भी 1 पैसा प्रति किलोमीटर की वृद्धि लागू की गई है। वहीं मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी चेयर कार, एसी-3 टियर, एसी-2 टियर और एसी फर्स्ट क्लास तक सभी में 2 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ोतरी अनिवार्य होगी। उदाहरण के तौर पर, 500 किलोमीटर की नॉन-एसी एक्सप्रेस यात्रा अब यात्रियों को करीब 10 रुपये ज्यादा महंगी पड़ेगी।
अधिसूचना में यह भी साफ कर दिया गया है कि प्रमुख प्रीमियम ट्रेनें—राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, दुरंतो, गरीब रथ, हमसफर, अमृत भारत और अन्य सभी सेवाएं—इन नए किरायों के दायरे में रहेंगी। हालांकि राहत की बात यह है कि 26 दिसंबर से पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा, भले ही यात्रा की तारीख बाद में क्यों न हो।
अब आपकी रेल यात्रा पहले से ज्यादा महंगी होने वाली है—जेब ढीली करने के लिए तैयार रहें!