1 जनवरी से सब बदल जाएगा! LPG, आधार, सैलरी से कार तक - 9 बड़े नियम, सीधा आपकी जेब पर असर

1 जनवरी 2026 से एलपीजी गैस कीमत से लेकर कार कीमतों तक कई बड़े बदलाव हो रहे हैं, जो सीधा आपकी जेब पर असर डालेंगे. वहीं बैंकिंग, पेंशन और सैलरी संबंधी भी नियम बदल रहे हैं.

Dec 27, 2025 - 12:45
1 जनवरी से सब बदल जाएगा! LPG, आधार, सैलरी से कार तक - 9 बड़े नियम, सीधा आपकी जेब पर असर

साल 2025 अब अपने अंतिम पलों में है और बिल्कुल दरवाजे पर खड़ा है धमाकेदार 2026! नए साल के साथ सिर्फ कैलेंडर ही नहीं बदलेगा, बल्कि ऐसी बड़ी आर्थिक हलचलें होने वाली हैं जो आपकी जेब, आपकी बचत और आपके खर्चों पर सीधा असर डालेंगी. 1 जनवरी से LPG, PAN-Aadhaar, UPI, टैक्स, वेतन आयोग… सब कुछ बदलने जा रहा है. जानिए कौन-से नियम आपके रोजमर्रा के जीवन को हिलाने वाले हैं और किन बदलावों के लिए आपको अभी से तैयार रहना चाहिए.

पहला बड़ा झटका – PAN-Aadhaar लिंक अनिवार्य
आधार और पैन को लिंक कराने की तारीख अब खत्म होने को है, और अगर 1 जनवरी तक आपने यह काम नहीं किया तो दोनों दस्तावेज एक ही झटके में निष्क्रिय हो जाएंगे. ऐसा हुआ तो आईटीआर रिफंड, बैंकिंग सुविधाएँ, सरकारी योजनाओं के लाभ—सब कुछ रुक जाएगा. नई साल की शुरुआत किसी परेशानी के साथ न हो, इसलिए यह काम बिल्कुल आखिरी समय में न छोड़ें.

दूसरा बड़ा बदलाव – UPI, SIM और मैसेजिंग ऐप्स के कड़े नियम
बढ़ते साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए सरकार डिजिटल पेमेंट और UPI सिस्टम को और ज्यादा सुरक्षित करने जा रही है. साथ ही SIM वेरिफिकेशन के नियम भी सख्त किए जा रहे हैं ताकि WhatsApp, Telegram और Signal जैसे प्लेटफॉर्म्स के जरिये होने वाली ठगी पर लगाम लग सके. इन नए नियमों का सीधा असर आपकी डिजिटल सुरक्षा पर होगा.

तीसरा बड़ा अपडेट – लोन और FD की नई दरें
SBI, PNB और HDFC जैसे बड़े बैंकों ने लोन रेट्स में कटौती का ऐलान कर दिया है, जो 1 जनवरी से लागू होंगे. इसके अलावा नए साल के पहले ही दिन से फिक्स्ड डिपॉजिट की नई ब्याज दरें भी लागू हो जाएंगी. अगर आप निवेश या लोन प्लान कर रहे हैं, तो यह बदलाव आपके वित्तीय फैसलों को तेजी से प्रभावित कर सकते हैं.

चौथा बदलाव – LPG सिलेंडर की नई कीमतें
हर महीने LPG सिलेंडर की कीमतें बदलती हैं और 1 जनवरी को भी बड़ा फेरबदल तय माना जा रहा है. दिसंबर में ही कमर्शियल सिलेंडर पर 10 रुपये की कटौती की गई थी, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत 1,580.50 रुपये रह गई. अब नए साल में रसोई का बजट और बढ़ेगा या राहत मिलेगी, यह जानने को सभी की नजरें टिकी हैं.

पांचवा बदलाव – CNG, PNG और जेट फ्यूल के नए रेट
LPG की तरह CNG, PNG और ATF (जेट फ्यूल) की कीमतों में भी 1 जनवरी से बदलाव होना है. ATF यानी जेट फ्यूल एयरलाइंस के संचालन पर सीधा प्रभाव डालता है, जिसके दाम घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के लिए अलग-अलग तय होते हैं. ऐसे में वाहनों और फ्लाइट किरायों पर इसका अप्रत्यक्ष असर पड़ सकता है.

छठवां बदलाव – नया टैक्स कानून आने की तैयारी
नया Income Tax Act 2025 भले ही 1 जनवरी 2026 से पूरी तरह लागू न हो, लेकिन सरकार जनवरी तक इसके लिए नए ITR फॉर्म और नियमों को नोटिफाई करने जा रही है. यह 1961 के पुराने टैक्स कानून की जगह लेगा. नए नियमों में टैक्स ईयर की परिभाषा बदलेगी, प्रक्रिया आसान होगी और ITR सिस्टम को पूरी तरह सरल बनाया जाएगा.

सातवां बड़ा प्रभाव – 8वां वेतन आयोग
लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, क्योंकि 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा रहा है. चाहे इसके लागू होने में थोड़ा समय लगे, लेकिन सैलरी और पेंशन 1 जनवरी 2026 से ही जोड़कर दी जाएगी. 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो रहा है, ऐसे में नए वेतनमान को लेकर उत्सुकता चरम पर है.

आठवां बदलाव – किसानों के लिए नए प्रावधान
उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में PM-किसान योजना का लाभ पाने के लिए अब यूनिक किसान ID अनिवार्य होने जा रही है. साथ ही PM फसल बीमा योजना में भी बड़ा बदलाव किया गया है—अब जंगली जानवरों से नुकसान होने पर 72 घंटे में रिपोर्ट करने पर भी मुआवजा मिलेगा. यह नियम किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है.

नौवां बदलाव – गाड़ियों के दाम बढ़ने वाले
नए साल में कार और इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना महंगा पड़ सकता है, क्योंकि 1 जनवरी 2026 से Nissan, BMW, Renault, MG Motor और Ather Energy जैसी कंपनियां 3 हजार रुपये से लेकर 3 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने जा रही हैं. टाटा मोटर्स और होंडा ने भी बढ़े दामों के संकेत दे दिए हैं. यानी नया साल ऑटो सेक्टर में महंगाई लेकर आ रहा है.