HAL पर NYT का आरोप: भारत ने कहा, रिपोर्ट गलत
विदेश मंत्रालय ने न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट को खारिज किया है जिसमें HAL पर रूस को प्रतिबंधित तकनीक भेजने का आरोप लगाया गया था। मंत्रालय ने कहा कि HAL ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन किया है। रिपोर्ट में कहा गया था कि 2023-24 में एक ब्रिटिश फर्म ने HAL को तकनीक भेजी, जिसका इस्तेमाल रूस की हथियार एजेंसी के साथ लेनदेन में किया गया। HAL ने HR स्मिथ की सहायक कंपनी से पार्ट्स मिलने के बाद रूस को कई बार उपकरणों की शिपमेंट की। विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को निराधार बताया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का पूरी तरह से पालन किया है। HAL एक सरकारी कंपनी है। यह कंपनी दूसरे देशों के साथ व्यापार के नियमों और अंतिम इस्तेमाल की शर्तों का पालन करती है। विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि हमने द न्यूयॉर्क टाइम्स द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट देखी है। यह रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने रणनीतिक व्यापार नियंत्रण और अंतिम उपयोगकर्ता प्रतिबद्धताओं पर अपने सभी अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का ईमानदारी से पालन किया है।
मंत्रालय के सूत्रों ने कहा कि भारत में रणनीतिक व्यापार को लेकर एक मजबूत कानूनी ढांचा है। यह ढांचा भारतीय कंपनियों की विदेशी गतिविधियों को निर्देशित करता है। मंत्रालय बताया कि रणनीतिक व्यापार पर भारत का मजबूत कानूनी और नियामक ढांचा अपनी कंपनियों के विदेशी वाणिज्यिक उद्यमों का मार्गदर्शन करना जारी रखता है। हम प्रतिष्ठित मीडिया आउटलेट्स से ऐसी रिपोर्ट प्रकाशित करते समय बुनियादी सावधानी बरतने की उम्मीद करते हैं, जिसे स्पष्ट रूप से इस मामले में अनदेखा किया गया।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया कि 2023 और 2024 के बीच, एक ब्रिटिश एयरोस्पेस फर्म, एचआर स्मिथ ग्रुप (HR Smith Group) ने HAL को प्रतिबंधित तकनीक भेजी। बाद में पता चला कि इस तकनीक का इस्तेमाल रूस की सरकारी हथियार एजेंसी, रोसोबोरोनएक्सपोर्ट (Rosoboronexport) के साथ लेनदेन में किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, HAL ने एचआर स्मिथ की सहायक कंपनी, टेकटेस्ट (Techtest) से पार्ट्स मिलने के बाद रूस को कई बार उपकरणों की शिपमेंट की।