'अब धुरंधर धामी कहिए', उत्तराखंड में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बांधे सीएम की तारीफों के पुल
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हल्द्वानी में सीएम धामी की जमकर तारीफ की, उन्हें 'धुरंधर धामी' बताया। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की चार साल की उपलब्धियां गिनाईं, जिसमें यूसीसी, अवैध कब्जे हटाना और विकास कार्य शामिल हैं। सीएम धामी ने भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति, रक्षा निर्यात और राज्य के विकास पर प्रकाश डाला, साथ ही कांग्रेस पर भी निशाना साधा।
हल्द्वानी में आज का दिन राजनीति के लिए ऐतिहासिक बन गया, जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने धुआंधार अंदाज़ में विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने सीएम धामी की कार्यशैली की जमकर सराहना की और कहा कि उत्तराखंड के लोग जितने सरल स्वभाव के होते हैं, उतने ही दृढ़ भी। राजनाथ सिंह ने मज़ाकिया लहजे में कहा कि धामी अब सिर्फ ‘धाकड़ धामी’ नहीं, बल्कि ‘धुरंधर धामी’ कहलाने के योग्य हैं।
भाषण के दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध पर गंभीर चिंता जताई। उनके मुताबिक पूरा विश्व संकट से जूझ रहा है और इसका प्रभाव किसी भी देश पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हालात मुश्किल हैं, लेकिन भारत में हालात काबू में इसलिए हैं क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने संभावित संकटों को शुरू में ही रोक दिया। राजनाथ सिंह ने दावा किया कि आज दुनिया भारत की बात ध्यान से सुनने को मजबूर है।
राजनाथ सिंह ने धामी सरकार के चार साल के कार्यकाल को अद्भुत बताया। उन्होंने कहा कि धामी ने चार वर्षों में ऐसा चौका मारा है जिसे छह साल पूरा होने तक ‘छक्के’ में बदल दिया जाएगा। उत्तराखंड बनने के बाद संसाधनों की कमी का जो रोना रोया जाता था, उस मिथक को इन वर्षों में विकास की रफ्तार ने तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व तरक्की की है।
उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि, तपोभूमि और वीरभूमि बताते हुए कहा कि यहां के लोगों ने हमेशा देश के लिए योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए धामी सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए मिसाल हैं।
जनसभा में उन्होंने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना को उत्तराखंड के लिए गेम चेंजर बताया। इस परियोजना से न सिर्फ श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा मिलेगी बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई उड़ान मिलेगी। उन्होंने गर्व से कहा कि उत्तराखंड को विकसित राज्य बनने से अब कोई नहीं रोक पाएगा। साथ ही यूसीसी लागू करने को उन्होंने धामी सरकार का साहसिक और दूरदर्शी फैसला कहा।
राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में अवैध घुसपैठ और कब्जों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि 10 हजार से अधिक अवैध कब्जों को हटाया गया है, जो किसी अन्य राज्य के लिए संभव नहीं था। कुमाऊं के विकास को उन्होंने पूरे प्रदेश की प्रगति से जोड़कर देखा और कहा कि जमरानी परियोजना क्षेत्र की बड़ी जरूरत थी, जिसे गति मिल चुकी है।
सभा में सीएम धामी ने भी जोशीले अंदाज़ में संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भारत का स्वाभिमान फिर से जागा है और देश तेज़ी से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से उभरती आर्थिक ताकतों में शामिल है और वैश्विक मंच पर उसकी आवाज़ पहले से कहीं ज़्यादा बुलंद है।
सीएम ने बताया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का पैसा अब बिना भ्रष्टाचार जनता के खाते में सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ के पुनर्निर्माण ने हिमालयी आस्था को नया जीवन दिया है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सनातन संस्कृति से कोई मतलब नहीं, जबकि भारत आज रक्षा सामग्री निर्यात करने वाले देशों में शामिल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सैनिकों के सम्मान के लिए सैन्यधाम बनाया जा रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्वस्तरीय बनाने के प्रयास तेज़ी से जारी हैं। चार साल में राज्य की अर्थव्यवस्था डेढ़ गुना बढ़ गई और प्रति व्यक्ति आय में 41% की छलांग लगी है।
सीएम धामी ने बताया कि उत्तराखंड आज स्टार्टअप, पर्यटन, खेल और रोजगार प्रदान करने में सबसे आगे है। 30 हजार से ज़्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दे दी गई है और भ्रष्टाचारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य की लोकतांत्रिक संतुलन को बिगाड़ा है और बनभूलपुरा इसका बड़ा उदाहरण है। धामी ने कहा कि कांग्रेस को वोट बैंक के लिए लैंड जिहाद और दंगाई पसंद आते हैं, लेकिन वे राज्य को आत्मनिर्भर और अग्रणी बनाने के लिए किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।