पेट्रोल कीमतों में दोबारा बढ़ोतरी; पंपों पर नए नोटिस से आपूर्ति स्थिति को लेकर सवाल तेज

पेट्रोल-डीजल कीमतों में मंगलवार को 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी से ईंधन महंगा हुआ। एक सप्ताह में यह दूसरी बढ़ोतरी है। नई दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।

May 19, 2026 - 10:54
पेट्रोल कीमतों में दोबारा बढ़ोतरी; पंपों पर नए नोटिस से आपूर्ति स्थिति को लेकर सवाल तेज

भारत में ईंधन की कीमतों ने एक बार फिर आग लगा दी है। एक ही हफ्ते में दूसरी बार पेट्रोल‑डीजल महंगे होने के बीच चंडीगढ़ के एक पेट्रोल पंप पर अचानक ऐसा नोटिस दिखाई दिया जिसने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। नोटिस में ईंधन की सीमित सप्लाई का जिक्र था, और देखते ही देखते इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। हालात बिगड़ते देख प्रशासन तुरंत हरकत में आया और स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। यह पूरा मामला ऐसे वक्त सामने आया है जब देशभर में आने वाले दिनों में संभावित ईंधन संकट की चर्चाएं गर्म हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंडीगढ़ के सेक्टर‑17 स्थित एचजी पेट्रो केयर पंप पर यह नोटिस चस्पा था। इसमें लिखा था कि दोपहिया वाहनों को केवल 500 रुपये तक और चारपहिया वाहनों को अधिकतम 1500 रुपये तक ही पेट्रोल‑डीजल दिया जाएगा। यह खबर देखते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और बड़ी संख्या में लोग टैंकों को फुल करवाने के लिए पेट्रोल पंप पहुंचने लगे। शहर में माहौल ऐसा बना मानो अचानक ईंधन का भंडारण खत्म होने वाला हो।

सूत्रों का कहना है कि प्रशासन ने पंप मालिक को इस ‘गुमराह करने वाले’ पोस्टर पर जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पंप से तुरंत नोटिस हटवा दिया गया। चंडीगढ़ प्रशासन ने फिर से दोहराया कि ईंधन वितरण पर कोई भी पाबंदी नहीं लगाई गई है। पंप मैनेजर ने सफाई देते हुए कहा कि स्टॉक कम था और अगले टैंकर के आने तक भीड़ नियंत्रित रखने के लिए ही यह नोटिस लगाया गया था, ताकि ईंधन पूरी तरह खत्म न हो जाए।

मैनेजर का कहना है कि फिलहाल शहर में ईंधन को लेकर किसी तरह की दिक्कत नहीं है। उन्होंने बताया कि अब पेट्रोल‑डीजल सामान्य तरीके से ही, ग्राहकों की जरूरत के अनुसार दिया जा रहा है। यानी फिलहाल किसी भी वाहन चालक को सीमित सप्लाई की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

इस बीच देशभर में पेट्रोल‑डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार को दोनों ईंधनों की कीमत में करीब 90 पैसे प्रति लीटर का उछाल आया। यह एक सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बढ़ोतरी है। नई दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गया, जबकि डीजल 90.67 रुपये से उछलकर 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को चार साल में पहली बार एक झटके में तीन रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी हुई थी।

सीएनजी भी महंगाई की मार से नहीं बच पाई है। दिल्ली, मुंबई और कई बड़े शहरों में 15 मई को सीएनजी की कीमत दो रुपये प्रति किलो बढ़ी और रविवार को इसमें एक रुपये की और वृद्धि कर दी गई। मंगलवार की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल‑डीजल अब मई 2022 के बाद अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं, जिससे देशभर में महंगाई को लेकर चिंता और तेज हो गई है।