IPL 2026: 'Rishabh Pant से छीनकर ओपनर को सौंप दो LSG की कप्तानी', भारत के दिग्गज खिलाड़ी ने दिया अहम सुझाव
Wasim Jaffer on Rishabh Pant: वसीम जाफर का मानना है कि एडेन मार्करम एक बेहतर कप्तान हो सकते हैं, जो टीम का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर सकते हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स की निराशाजनक किस्मत एक बार फिर नहीं बदली। ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम सुपर ओवर तक गई, लेकिन आखिरकार केकेआर के खिलाफ हार का कड़वा स्वाद चखना पड़ा। 156 रन का मामूली सा टारगेट भी टीम हासिल नहीं कर पाई और इसी के साथ लखनऊ को इस सीजन की लगातार पांचवीं हार मिल गई।
और भी चौंकाने वाली बात यह है कि लखनऊ अपना “होम ग्राउंड” तक भूल चुका है। पंत की कप्तानी में टीम पिछले साल से घर में लगातार 8 मैच हार चुकी है। कुल मिलाकर पिछले 22 मुकाबलों में टीम 14 बार मात खा चुकी है, जो उनके नेतृत्व पर बड़े सवाल खड़े करता है।
इसी बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने एक बड़ा बयान देकर सबको चौंका दिया है। उनके मुताबिक, टीम अगर अपनी किस्मत बदलना चाहती है, तो कप्तानी में तुरंत बदलाव करने की जरूरत है। जाफर का मानना है कि एडेन मार्करम को कमान सौंपना टीम के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
दरअसल, ऋषभ पंत की कप्तानी में टीम का बैटिंग ऑर्डर पूरी तरह लड़खड़ा गया है। पिछले सीजन में जहां पंत ने 21 पारियों में 458 रन ठोके थे, वहीं इस बार उनका खेल दबाव में बिखरता दिख रहा है। हालिया मैच में भले ही उन्होंने 41 रन बनाए हों, लेकिन टीम को जीत दिलाने के लिए वह काफी नहीं थे। जाफर का मानना है कि कप्तानी के बोझ ने पंत की नैचुरल आक्रामक खेल शैली को खराब कर दिया है।
जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बेबाकी से कहा,
"ऋषभ पंत को सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर खेलना चाहिए, तभी आप उनका असली खेल देख पाएंगे। जब आप उन्हें फ्री छोड़ देते हैं, तभी वे मैच अकेले अपने दम पर खत्म कर सकते हैं। कप्तानी का बोझ उनके खेल को बांध देता है। एडेन मार्करम इससे कहीं बेहतर कप्तान साबित हो सकते हैं—वो शांत, मजबूत और बेहतरीन लीडर हैं। वे टीम से सबसे अच्छा प्रदर्शन निकलवा सकते हैं।"
टीम के ओवरऑल प्रदर्शन पर बात करते हुए जाफर ने साफ कहा कि एलएसजी इस वक्त पूरी तरह दिशा खो चुकी है। उनकी बातों में नाराजगी भी झलक रही थी, क्योंकि उन्हें तक समझ नहीं आ रहा कि इस टीम से आखिर उम्मीद क्या की जाए।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर वह टीम मैनेजमेंट में होते, तो पहला फैसला एडेन मार्करम को कप्तान बनाने का ही होता। इसके साथ ही वह टीम के टॉप-7 बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव कर देते और उसी सेट-अप के साथ आगे बढ़ते।