मार्केट में भूचाल! सोना ₹13,000 और चांदी ₹26,000 धड़ाम - Gold-Silver ETF से लेकर Hindustan Copper तक क्रैश

Sone Chandi Ka Bhav, 1 February, 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज फाइनेंशियल ईयर 2026-27 का बजट पेश करने जा रही हैं। उससे पहले आज सोने और चांदी की कीमत में काफी गिरावट दिख रही है। सोने की कीमत में 13,000 रुपये और चांदी की कीमत में 26,000 रुपये की गिरावट आई है।

Feb 1, 2026 - 10:30
मार्केट में भूचाल! सोना ₹13,000 और चांदी ₹26,000 धड़ाम - Gold-Silver ETF से लेकर Hindustan Copper तक क्रैश

नई दिल्ली से आज एक बड़ी खबर सामने आई है। बजट 2026-27 पेश होने से कुछ घंटे पहले ही सोने और चांदी की कीमतों में ऐसा भूचाल आया है कि बाजार हिल गया है। एमसीएक्स पर मार्केट खुलते ही सोना भारी दबाव में आ गया और देखते ही देखते 13,000 रुपये से ज्यादा लुढ़क गया, जबकि चांदी की कीमतों में 26,000 रुपये से अधिक की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई। बजट से जुड़ी खास ट्रेडिंग के कारण रविवार होने के बावजूद आज मार्केट खुला रहा।

दो अप्रैल डिलीवरी वाला सोना सुबह के शुरुआती कारोबार में ही करीब 13,000 रुपये टूटकर 1,39,003 रुपये प्रति 10 ग्राम पर फिसल गया। सुबह 9:30 बजे सोना 13,342 रुपये यानी लगभग 8.76% की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था। पिछले सत्र में यह 1,52,345 रुपये पर बंद हुआ था और आज खुला 1,51,610 रुपये पर। शुरुआती समय में सोना 1,38,634 रुपये के लो और 1,51,610 रुपये के हाई तक पहुंचा।

चांदी की बात करें तो स्थिति और भी चौंकाने वाली रही। 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी 26,273 रुपये टूटकर करीब 9% की गिरावट के साथ 2,65,652 रुपये पर ट्रेड कर रही है। पिछले कारोबारी दिन यह 2,91,925 रुपये पर बंद हुई थी और आज का ओपनिंग प्राइस 2,84,826 रुपये रहा। इस तेज गिरावट ने निवेशकों को सकते में डाल दिया है।

शुक्रवार को भी सोने-चांदी का यही हाल था, जब दोनों की कीमतों में इतिहास की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट दर्ज हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना जहां हाल ही में 5,608.35 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचा था, वहीं चांदी 121.755 डॉलर प्रति औंस के लेवल पर थी। लेकिन शुक्रवार के ट्रेड में सोना 4,713.90 डॉलर और चांदी 75 डॉलर प्रति औंस तक गिर गई—यानी वैश्विक मार्केट भी भारी दबाव में है।