गाजियाबाद: बहू ने क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर ससुर को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद के गोविंदपुरम में एक बहू ने अपने ससुर की क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक पाती सिंह रिटायर्ड स्वास्थ्यकर्मी थे। पुलिस ने आरोपी बहू आरती को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद हत्या का कारण बताया जा रहा है। पड़ोसियों के अनुसार, घटना की रात आरती और पाती सिंह के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे अनुराधा नामक एक किरायेदार ने पाती सिंह को नग्न अवस्था में खून से लथपथ पाया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पाती सिंह की पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका था, और कोरोना काल में उनके बेटे जितेंद्र की भी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद, आरती अपने दो बच्चों के साथ उसी मकान में रहने लगी थी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद हत्या का कारण लग रहा है।
पड़ोसियों का कहना है कि घटना की रात आरती और उसकी चचेरी बहन का पाती सिंह से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद बैट से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। कुछ अन्य जानकारी के अनुसार, मृतक पाती सिंह का कई महिलाओं से संबंध था और उसने अपनी बहू पर भी गलत नीयत रखी थी। आरोप है कि घटना की रात उसने बहू को गलत तरीके से छूने की कोशिश की, जिसके बाद गुस्से में आकर बहू ने टीवी की आवाज तेज कर दी और फिर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
कविनगर एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की संभावना है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी बहू आरती पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ जारी है।