'सपने में भी नहीं सोचा था', Nitin Nabin को BJP ने दिया सरप्राइज; घोषणा के पहले तक नहीं थी जानकारी
बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी ने अप्रत्याशित रूप से एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी BJP Working President के रूप में दी, जिससे वे खुद भी हैरान थे। उन्हें इस घोषणा की पूर्व जानकारी नहीं थी। यह खबर भारत की राजनीति में एक आश्चर्य के रूप में आई है, जिसने कई लोगों को चौंका दिया। नबीन ने कहा कि उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे।
जयशंकर बिहारी, पटना। बिहार की राजनीति में आज बड़ा धमाका हुआ, जब पथ निर्माण और नगर विकास मंत्री नितिन नवीन को अचानक भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि इस ऐतिहासिक घोषणा से पहले उन्हें खुद भी इसकी भनक तक नहीं थी। दैनिक जागरण से बातचीत में उन्होंने खुलासा किया कि इतनी विशाल जिम्मेदारी मिलेगी, यह उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था। जानकारी मिलते ही एक पल को तो उन्हें खुद यकीन नहीं हुआ कि यह सब सच हो रहा है।
नितिन नवीन का कहना था कि भाजपा ही वह पार्टी है जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। नियुक्ति पत्र जारी होने से करीब दो घंटे पहले वे एक सम्मान समारोह में शामिल थे और वहां मौजूद किसी को भी अंदाजा नहीं था कि उसी भीड़ में खड़ा एक साधारण कार्यकर्ता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने जा रहा है। उन्होंने इसे पार्टी की अद्भुत लोकतांत्रिक संस्कृति बताया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फैसला इस बात का प्रमाण है कि यदि कोई कार्यकर्ता जमीन से जुड़े रहकर दिल से मेहनत करता है तो भाजपा उसे उच्चतम पदों तक पहुंचाने में कभी पीछे नहीं रहती। अपनी प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और संगठन तथा कार्यकर्ता इसी विकास को और गति देने का काम करेंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व और पार्लियामेंट्री बोर्ड ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने वादा किया कि बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक संगठन को इस तरह मजबूत किया जाएगा कि आने वाले चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मार्गदर्शन हमेशा की तरह शीर्ष नेताओं से मिलता रहेगा और कार्यकर्ताओं के बल पर हर राज्य में पार्टी की पकड़ और मजबूत होगी।
पश्चिम बंगाल चुनावों को लेकर उन्होंने बताया कि भाजपा की रणनीति हमेशा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर आधारित होती है। पार्टी का लक्ष्य हर वर्ग को साथ लेकर समग्र विकास करना है, जहां किसी तरह का भेदभाव न हो। उन्होंने कहा कि यही कार्यशैली भाजपा को जनता से जोड़ती है और यही उनकी असली ताकत है।
नवीन ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन उन्हें पहले से मिलता रहा है। आगे भी उनके नेतृत्व में संगठन और चुनावी रणनीतियां तैयार की जाएंगी ताकि कार्यकर्ताओं और देशवासियों की उम्मीदों को पूरी तरह पूरा किया जा सके।