सीएम धामी ने उत्तराखंड को दी बड़ी सौगात, 135 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विभिन्न विकास कार्यों और विभागीय योजनाओं के लिए लगभग 135 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियां दी हैं। इसमें शिक्षा क्षेत्र के लिए आरटीई शुल्क प्रतिपूर्ति और कई जिलों में निर्माण व सौंदर्यीकरण परियोजनाएं शामिल हैं।
उत्तराखंड में विकास की रफ्तार को नई उड़ान देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चल रही परियोजनाओं और विभागीय योजनाओं के लिए करीब 135 करोड़ रुपये की भारीभरकम स्वीकृति देकर सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि विकास अब तेज रफ्तार पकड़ने वाला है। इतना ही नहीं, शिक्षा के मोर्चे पर भी बड़ा ऐलान करते हुए आरटीई के तहत निजी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों की शुल्क प्रतिपूर्ति हेतु वर्ष 2025-26 की दूसरी किस्त के रूप में 84.89 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं कि यह धनराशि तय समयसीमा, पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार उपयोग में लाई जाए, ताकि जनता से जुड़े प्रोजेक्ट्स बिना किसी देरी के पूरे हों। ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में बन रहे पर्वतीय विकास भवन के बचे हुए कार्यों को पूरा करने के लिए 79.87 लाख रुपये तथा खटीमा के शहीद स्थल पर शेड निर्माण के लिए 20.41 लाख रुपये की स्वीकृति भी जारी कर दी गई है।
टिहरी गढ़वाल के धनोल्टी क्षेत्र के ग्राम विराड़ में स्थित नाग देवता मंदिर के निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 49.86 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है, जबकि देवप्रयाग क्षेत्र के सूर्य देवी मंदिर, पलेठी बनगढ़ के सौंदर्यीकरण हेतु 98.59 लाख रुपये जारी करने का आदेश दिया गया है। पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में दांतू गांव के ऐतिहासिक भवनों के संरक्षण, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए 35 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही डॉ. आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के खर्च के लिए 2.75 करोड़ और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के लिए 7.57 करोड़ रुपये जारी करने पर भी मुहर लग गई है।
पुलिस विभाग के तहत विभिन्न अधिष्ठानों के लिए आवंटित बजट का 50 प्रतिशत यानी 35.74 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं, जिससे सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाया जा सके। वहीं होमगार्ड्स विभाग के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने की स्वीकृति भी दी गई है। उधर, शहीदों के सम्मान में एक और बड़ा निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल के मोलन-खंडाह-भिंताई मोटर मार्ग का नामकरण शहीद कमल सिंह नेगी के नाम पर करने की अनुमति भी प्रदान की है।