U19 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में 3 टीमों की एंट्री पक्की! अब भारत–पाकिस्तान महामुकाबले पर टिकी सबकी नजरें
U19 World Cup 2026: जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीन टीमों के नाम तय हो गए हैं। वहीं चौथी टीम का फैसला अब भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले के परिणाम से होगा।
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में 30 जनवरी का दिन रोमांच से भर गया, क्योंकि दो और टीमों ने धमाकेदार अंदाज़ में सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया। ऑस्ट्रेलिया पहले ही टॉप-4 में जगह बना चुका था, लेकिन अब अफगानिस्तान और इंग्लैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट में अपनी जबरदस्त मौजूदगी दर्ज कराई है। इन दोनों टीमों की एंट्री के बाद मुकाबले और भी दिलचस्प हो गए हैं।
अब सबकी नज़रें उस आखिरी टीम पर टिकी हैं, जो सेमीफाइनल की चौथी दावेदार बनेगी। इसका फैसला 1 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान सुपर सिक्स मुकाबले से तय होगा, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। इस समय टीम इंडिया ग्रुप-2 में 6 अंकों और 3.337 नेट रनरेट के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान 4 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर बना हुआ है।
इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल के दरवाजे खोल दिए। 30 जनवरी को खेले गए सुपर सिक्स मुकाबले में इंग्लिश खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 234 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया और फिर न्यूजीलैंड को 169 पर समेट कर 65 रनों की शानदार जीत दर्ज की, जिसने उन्हें सीधे टॉप-4 में पहुंचा दिया।
अफगानिस्तान ने भी अपने जबरदस्त प्रदर्शन से सबको हैरान कर दिया। सुपर सिक्स के आखिरी मुकाबले में उन्होंने आयरलैंड को 191 रनों से रौंदकर ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में एंट्री मारी। अब अफगानिस्तान 4 फरवरी को ग्रुप-2 की नंबर-1 टीम से भिड़ेगा, जहां मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक होने वाला है।
पहला सेमीफाइनल 3 फरवरी को खेला जाएगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम ग्रुप-2 की दूसरी रैंक वाली टीम से आमने-सामने होगी। अब टूर्नामेंट अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और फैंस को अगले मैचों में हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिलेगा।