मुंबई इंडियंस के अफगानी क्रिकेटर ने आईपीएल से पहले ही पाकिस्तान को दे डाली धमकी

पाकिस्तान द्वारा काबुल के नशा मुक्ति अस्पताल पर किए गए हवाई हमले में 400 लोगों की मौत और 250 से अधिक घायल होने की पुष्टि हुई। अफगान क्रिकेटर अल्लाह गजनफर ने इस अमानवीय हमले की तीखी निंदा की। घटना ने क्षेत्र में तनाव और मानवीय संकट को और गहरा कर दिया।

Mar 18, 2026 - 10:49
मुंबई इंडियंस के अफगानी क्रिकेटर ने आईपीएल से पहले ही पाकिस्तान को दे डाली धमकी

काबुल में 2,000 बेड वाले नशा मुक्ति अस्पताल पर हुए विनाशकारी हवाई हमले ने पूरे अफगानिस्तान को झकझोर दिया। लगभग 400 निर्दोष लोगों की मौत और 250 से ज्यादा घायल, यह खबर सुनकर पूरा देश सदमे में है। अस्पताल का बड़ा हिस्सा मलबे में बदल चुका है। इस भीषण त्रासदी के बाद अफगान क्रिकेटर अल्लाह गजनफर गुस्से में फट पड़े और इस हमले को अमानवीय बताते हुए पाकिस्तान पर गंभीर सवाल खड़े किए।

गजनफर ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गरीब मरीजों की जिंदगी बचाने वाली जगह को निशाना बनाना किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। उन्होंने अफगानिस्तान के इतिहास को याद दिलाते हुए दो-टूक कहा कि अगर वही गलती फिर दोहराई गई, तो इसका अंजाम पाकिस्तान के लिए बेहद खतरनाक होगा। साथ ही उन्होंने भारत को अफगानिस्तान का सबसे सच्चा दोस्त बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने जा रहे अल्लाह गजनफर ने एक इंटरव्यू में अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वहां के लोगों के पास इलाज कराने तक के पैसे नहीं हैं, और अब उनकी अंतिम उम्मीद—अस्पताल—को भी तबाह कर दिया गया। उन्होंने इस घटना को अफगानिस्तान की जनता के लिए अस्वीकार्य बताया।

वहां लोग पहले ही गरीबी से जूझ रहे हैं, और अब उनके अस्पतालों को बर्बाद कर देना… यह किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है।

— अल्लाह गजनफर

उन्होंने तीखे लहजे में पूछा कि आखिर आम नागरिकों को मारने से कोई कौन-सी ताकत साबित करना चाहता है? गजनफर ने चेतावनी देते हुए कहा, "दुनिया अफगानिस्तान का इतिहास अच्छी तरह जानती है। अगर इतिहास फिर पलट गया, तो इसका अंजाम पाकिस्तान के लिए बेहद बुरा होगा।"

मुंबई इंडियंस का हिस्सा बनने जा रहे गजनफर ने आगे कहा कि भारत हमेशा अफगानिस्तान का सबसे करीबी दोस्त रहा है, और अफगान जनता उम्मीद करती है कि भारत इस मुश्किल वक्त में कदम बढ़ाए। उन्होंने कहा कि दुनिया पहले ही अनगिनत संकटों से गुजर रही है, ऐसे में युद्ध और हिंसा किसी भी देश का भला नहीं कर सकती।