Bihar Vidhansabha Session: तेजस्वी ने विजय सिन्हा को लगाया गले, सम्राट से किया हैंडशेक, डिप्टी सीएम ने नीतीश के छुए पैर
बिहार विधान सभा की शीतकालीन सत्र 2025: 18वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार से आरंभ होते ही कई महत्वपूर्ण और रोचक क्षण देखने को मिले। शपथ ग्रहण के दौरान सम्राट चौधरी ने तेजस्वी से हाथ मिलाया, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इन क्षणों ने सदन का माहौल और भी विशेष बना दिया।
बिहार विधान सभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से आरंभ हो चुका है। 18वीं विधानसभा के पहले दिन सदन में नए और पुराने सदस्यों की उपस्थिति के बीच माहौल काफी उत्साहपूर्ण दिखाई दिया। प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने नए विधायकों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया की शुरुआत की। सबसे पहले मंत्रियों ने शपथ ली, इसके बाद अन्य विधायकों की बारी आई।
शपथ ग्रहण के समय कई दिलचस्प क्षण भी देखने को मिले। गृहमंत्री सम्राट चौधरी के शपथ लेने के बाद विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने खड़े होकर उनका सम्मान किया और दोनों ने हाथ भी मिलाया। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने तेजस्वी से गले मिले। वहीं, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव भी इशारों में कुछ संवाद करते हुए नजर आए।
विधायक अजय डांगी ऑटो से विधानसभा पहुंचे, जो चर्चा का विषय बना। वरिष्ठ भाजपा नेता और आठ बार के विधायक प्रेम कुमार ने सदन में प्रवेश से पहले प्रणाम करते हुए अपनी परंपरा का निर्वहन किया। दूसरी ओर, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘यह सरकार वोटों की चोरी से बनी है, जनता ने इसे स्वीकार नहीं किया है। भले ही विपक्ष की संख्या कम है, लेकिन आवाज पहले की तरह मजबूत रहेगी।’
सत्र के कार्यक्रम के अनुसार, 2 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। 3 दिसंबर को राज्यपाल दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। 4 दिसंबर को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी और सरकार अपना पक्ष प्रस्तुत करेगी। अंतिम दिन 5 दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर चर्चा की जाएगी।
नए विधायकों की सहायता के लिए विधानसभा परिसर में विशेष सहायता डेस्क स्थापित किया गया है। जहां कर्मचारी उन्हें अंदर जाने का मार्ग, बैठने की व्यवस्था और अन्य नए परिवर्तनों से संबंधित सहायता प्रदान कर रहे हैं।