एमपी में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है, खासकर सिंगरौली, सीधी, रीवा और सतना में। भोपाल में हल्के बादल छाए रहेंगे। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान में गिरावट आई है और राजधानी में हल्की ठंडक है। उत्तरी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में चक्रवात बने हुए हैं, जिसका असर मध्य प्रदेश में दिख रहा है। अगले एक-दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है।

पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी राज्यों से आ रही हवाओं के कारण मध्य प्रदेश का मौसम बदल गया है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल के मौसम में भी हल्की ठंडक महसूस हो रही है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान लगाया है। कुछ स्थानों पर वज्रपात और झंझावात की चेतावनी भी जारी की गई है। सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना और मैहर जिलों में बारिश की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर झंझावात और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि आने वाले दिनों में मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। राजधानी भोपाल में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। हवा की औसत गति 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।